पटना में युवक के अपहरण के बाद भारी बवाल, सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन, जन सुराज के प्रशांत किशोर ने दिया अल्टीमेटम

अपहृत युवक की पहचान न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान गली निवासी बंटी कुमार के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मौके पर पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर बंटी की सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो वह खुद स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतरेंगे और इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। 

पटना में युवक के अपहरण के बाद भारी बवाल, सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन, जन सुराज के प्रशांत किशोर ने दिया अल्टीमेटम

DESWA DESK : राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया इलाके से एक युवक के अपहरण के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में बुधवार को आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। करीब दो घंटे तक चले इस भारी बवाल के कारण पूरे इलाके में यातायात ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

अपहृत युवक की पहचान न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान गली निवासी बंटी कुमार के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मौके पर पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर बंटी की सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो वह खुद स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतरेंगे और इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। 

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा.बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जल्द ही युवक को सकुशल बरामद कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

लापता बंटी कुमार के भाई और परिजनों का कहना है कि बंटी इलाके में फलफूल रहे सेक्स रैकेट का लगातार विरोध कर रहा था। इसी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी तक सेक्स रैकेट वाले एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

घटना सोमवार देर रात की है। बंटी कुमार पटना जंक्शन के पास स्थित एक दुकान से दही खरीदने गए थे। इसी दौरान काले रंग की एक स्कॉर्पियो से आए कुछ युवकों ने बंटी को घेर लिया। पहले उनके साथ मारपीट की गई और फिर जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर अपहरण की वारदात कैद हुई है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर गाड़ी और आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है।