नीट पेपर लीक पर अब कटिहार में उबला गुस्सा : मार्च के दौरान भड़की हिंसा, समाहरणालय गेट तोड़ने की कोशिश पर लाठीचार्ज

नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार के अलग-अलग जिलों में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में हो रहे प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को कटिहार जिले में स्थिति उस समय बेकाबू हो गई, जब छात्रों का शांतिपूर्ण मार्च अचानक उग्र झड़प में बदल गया। समाहरणालय का मुख्य द्वार तोड़ने की कोशिश और पुलिस पर पथराव के बाद सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

नीट पेपर लीक पर अब कटिहार में उबला गुस्सा : मार्च के दौरान भड़की हिंसा, समाहरणालय गेट तोड़ने की कोशिश पर लाठीचार्ज

DESWA DESK : नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार के अलग-अलग जिलों में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में हो रहे प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को कटिहार जिले में स्थिति उस समय बेकाबू हो गई, जब छात्रों का शांतिपूर्ण मार्च अचानक उग्र झड़प में बदल गया। समाहरणालय का मुख्य द्वार तोड़ने की कोशिश और पुलिस पर पथराव के बाद सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

गुरुवार को कटिहार के नगर भवन परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए छात्रों ने समाहरणालय की ओर मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी नीट परीक्षा में धांधली की निष्पक्ष जांच कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। जैसे ही छात्रों का जत्था समाहरणालय परिसर पहुंचा, भीड़ अनियंत्रित हो गई। कुछ उग्र प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के गेट को तोड़ने की कोशिश की।

इस दौरान जब तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो भीड़ की ओर से अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उग्र प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। लाठीचार्ज के बाद समाहरणालय परिसर और आसपास की सड़कों पर अफरातफरी मच गई और छात्र इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के जिलाधिकारी ने तुरंत पूरे घटनाक्रम की दंडाधिकारी स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव फैलाने तथा पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद बिहार की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी दलों ने पुलिस की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए न्याय मांग रहे युवाओं पर लाठियां बरसा रही है। विपक्षी नेताओं ने बिहार भर में हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।