पटना कोचिंग वॉर: खान सर के गार्ड्स ने की थी फायरिंग? ज्ञान बिंदु के वीडियो से मंचा हड़कंप, खड़े हुए कई सवाल
ज्ञान बिंदु कोचिंग प्रबंधन की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसने मामले को पूरी तरह से पलट कर रख दिया है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कोचिंग कैंपस में किसी बाहरी असामाजिक तत्व ने नहीं, बल्कि खुद खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्ड ने फायरिंग की थी।
DESWA DESK : राजधानी पटना के चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और फायरिंग के मामले ने अब एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। इस पूरे विवाद में अब ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी की एंट्री हो गई है। ज्ञान बिंदु कोचिंग प्रबंधन की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसने मामले को पूरी तरह से पलट कर रख दिया है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कोचिंग कैंपस में किसी बाहरी असामाजिक तत्व ने नहीं, बल्कि खुद खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्ड ने फायरिंग की थी। इस नए वीडियो के सामने आने के बाद पटना पुलिस की जांच की सुई भी घूम गई है, और पूरी घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या है वायरल वीडियो में?
ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी किए गए इस कथित वीडियो में घटना के बाद के कई सबूत दिखाए जा रहे हैं। वीडियो में खान सर का फटा हुआ पोस्टर, क्षतिग्रस्त गेट और कैंपस में लगा 'बिहार पुलिस सम्मान समारोह' का एक बैनर साफ तौर पर नजर आ रहा है। इस वीडियो के जरिए यह नैरेटिव सेट करने की कोशिश की जा रही है कि घटना के वक्त वहां क्या परिस्थितियां थीं और किस तरह से बात बढ़ी। हालांकि, देसवा न्यूज इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
खान सर ने वापस लिया था आरोप
गौरतलब है कि इस घटना के तुरंत बाद कोचिंग संचालक खान सर ने दूसरे पक्ष पर उनके सेंटर को निशाना बनाने और फायरिंग करने का सीधा आरोप लगाया था। इस बयान के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था और छात्रों के बीच भी आक्रोश था। लेकिन, मामले में ट्विस्ट तब आया जब कुछ ही समय बाद खान सर ने अपने इस गंभीर आरोप को वापस ले लिया। अब विपक्षी कोचिंग द्वारा वीडियो जारी किए जाने के बाद खान सर के यू-टर्न और पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन पर सवाल उठ रहे हैं।
खड़े हो रहे हैं कई अनुत्तरित सवाल
इस नए वीडियो और बदलते बयानों ने पुलिस प्रशासन और आम जनता के सामने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर ज्ञान बिंदु का दावा सही है, तो खान सर के सुरक्षा गार्डों ने कैंपस के भीतर फायरिंग क्यों की? क्या उन्हें किसी बात का डर था या यह सिर्फ शक्ति प्रदर्शन था? खान सर के यू-टर्न की वजह क्या थी? पहले दूसरे पक्ष पर आरोप लगाना और फिर उसे चुपचाप वापस ले लेना, क्या इसके पीछे कोई आपसी समझौता है या किसी बड़ी सच्चाई को छिपाने की कोशिश? वीडियो में दिख रहा 'बिहार पुलिस सम्मान समारोह' का बैनर क्या यह संकेत देता है कि वहां कोई बड़ा आयोजन था, और उसी दौरान यह झड़प हुई?
हालांकि रोशन आनद ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि उनके और उनके कोचिंग संस्थान के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश हो रही है। रौशन आनंद ने सीधे खान सर पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि ऐसा बिहार पुलिस में इतनी संख्या में हुई रिजल्ट की वजह से हो रहा है।
जांच में जुटी पटना पुलिस
इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पटना पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के दावों और काउंटर-दावों की बारीकी से जांच की जा रही है। ज्ञान बिंदु कोचिंग द्वारा जारी किए गए वीडियो फुटेज को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। कानून को हाथ में लेने वाले, चाहे वे किसी भी रसूखदार कोचिंग से जुड़े हों, बख्शे नहीं जाएंगे। फिलहाल, पटना के इस सबसे बड़े कोचिंग हब में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और हर किसी की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।













