तेजस्वी की गैरमौजूदगी पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने कसा तंज, 'लगता है अमेरिका-ईरान का युद्ध खत्म कराने गए हैं' 

बीजेपी विधायक बैद्यनाथ प्रसाद और जदयू के विधान पार्षद नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग को रुकवाने और शांति वार्ता कराने विदेश गए हुए हैं। 

तेजस्वी की गैरमौजूदगी पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने कसा तंज, 'लगता है अमेरिका-ईरान का युद्ध खत्म कराने गए हैं' 

DESWA DESK : बिहार विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सदन में गैरमौजूदगी का मुद्दा जोर-शोर से उठा। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग भी हुई। सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की लगातार अनुपस्थिति को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने तीखा हमला बोला। 

दरअसल, मानसून सत्र के तीसरे दिन भी विधायनभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी सदन में नहीं आईं। बीजेपी विधायक बैद्यनाथ प्रसाद और जदयू के विधान पार्षद नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग को रुकवाने और शांति वार्ता कराने विदेश गए हुए हैं। 

नीरज कुमार ने कहा कि जब सदन में राज्य के ज्वलंत मुद्दों जैसे सूखा, बाढ़ और किसानों की समस्याओं पर चर्चा हो रही है तब नेता प्रतिपक्ष का गायब रहना यह दर्शाता है कि उन्हें जनता के सवालों से कोई सरोकार नहीं है। बीजेपी विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने कहा कि मानसून सत्र छोटा होता है और इसमें राज्य की जनता से जुड़े नीतिगत फैसलों पर बहस होती है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में नेता प्रतिपक्ष की गैरमौजूदगी लोकतंत्र और जनादेश का अनादर है।

एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि जब बिहार के किसान सुखाड़ और सिंचाई के संकट से जूझ रहे हैं, तब नेता प्रतिपक्ष गायब हैं। क्या वे अमेरिका, इजराइल और ईरान की लड़ाई खत्म कराने के किसी गुप्त मिशन पर गए हैं? राजद को बताना चाहिए कि उनके नेता इस वक्त कहां हैं।

दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने जदयू के इन बयानों को केवल ध्यान भटकाने की राजनीति करार दिया है। राजद प्रवक्ताओं का कहना है कि पार्टी के विधायक सदन में मजबूती से जनता की आवाज उठा रहे हैं और सरकार अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए ऐसे निजी हमले कर रही है।