बेटी के घर से भागने और गहने-कैश समेटने के सदमे में पिता ने सोन नदी में लगाई छलांग, 36 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
रोहतास जिले में प्रेम-प्रसंग और सामाजिक लोक-लाज के सदमे ने एक पिता को इस कदर तोड़ा कि उन्होंने सोन नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी सोन नदी में डूबे व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
DESWA DESK : रोहतास जिले में प्रेम-प्रसंग और सामाजिक लोक-लाज के सदमे ने एक पिता को इस कदर तोड़ा कि उन्होंने सोन नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी सोन नदी में डूबे व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता नासरीगंज के घरी गांव निवासी राजकुमार शर्मा अपनी बेटी नेहा के प्रेम-प्रसंग और उसके व्यवहार से काफी समय से तनाव में थे। मामला तब और बिगड़ गया जब उनकी बेटी घर में रखे एक लाख 30 हजार रुपये नकद और लाखों के कीमती गहने समेटकर अपने बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई। राजकुमार के भाई धनंजय शर्मा ने बताया कि इस घटना के बाद से पिता गहरे मानसिक सदमे में चले गए थे। उन्होंने बताया कि सकरा निवासी नारायण सिंह का पुत्र बबूल कुमार का हाथ उनकी भतीजी को भगाने में है।
इससे आहत होकर राजकुमार शर्मा ने सोन पुल पर पहुंचकर आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपने मोबाइल से चार मिनट का एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उन्होंने अपनी लाचारी, बेटी के कदम से पहुंचे आघात और इस खौफनाक फैसले के पीछे के दर्द को बयां किया। वीडियो बनाने के बाद उन्होंने सोन नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
गोताखोरों की मदद से सुबह से ही सोन नदी के विशाल जलक्षेत्र में शव की सघन तलाश की जा रही है। 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बहाव तेज होने के कारण डूबे पिता का कोई अता-पता नहीं चल सका है। पुलिस ने परिजनों के बयान और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।













