बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला हुआ बेहद दिलचस्प, पीके के समर्थन में उतरे 'शॉटगन', शत्रुघ्न सिन्हा की युवाओं से बड़ी अपील, प्रशांत किशोर..?

बिहार की राजनीति में सबसे हाई प्रोफाइल सीट बन चुकी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। दूसरों की किस्मत चमकाने वाले देश के दिग्गज चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) इस बार खुद पहली बार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। इस बीच, इस चुनावी समर में एक बड़ा सियासी मोड़ तब आया जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और 'शॉटगन' के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा खुलकर प्रशांत किशोर के समर्थन में आ गए हैं।

बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला हुआ बेहद दिलचस्प, पीके के समर्थन में उतरे 'शॉटगन', शत्रुघ्न सिन्हा की युवाओं से बड़ी अपील, प्रशांत किशोर..?

DESWA DESK : बिहार की राजनीति में सबसे हाई प्रोफाइल सीट बन चुकी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। दूसरों की किस्मत चमकाने वाले देश के दिग्गज चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) इस बार खुद पहली बार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। इस बीच, इस चुनावी समर में एक बड़ा सियासी मोड़ तब आया जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और 'शॉटगन' के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा खुलकर प्रशांत किशोर के समर्थन में आ गए हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ट्वीट कर बांकीपुर के मतदाताओं, विशेषकर युवाओं से प्रशांत किशोर को वोट देने और उनका पुरजोर समर्थन करने की भावुक अपील की है। बांकीपुर विधानसभा सीट पिछले तीन दशकों से बीजेपी का एक अभेद्य किला रही है। यह सीट हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई है। इस शहरी क्षेत्र में जहां हमेशा से पारंपरिक रूप से बीजेपी का दबदबा रहा है, वहां प्रशांत किशोर खुद उम्मीदवार बनकर इसे अपनी राजनीति की पहली अग्निपरीक्षा बना चुके हैं।

इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री व दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट के जरिए अपील की है कि 
'बांकीपुर के युवा और प्रबुद्ध लोग इस बार बदलाव के सूत्रधार प्रशांत किशोर का साथ दें। बिहार को एक नई और विजनरी राजनीति की जरूरत है।' पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा की इस इलाके में आज भी गहरी व्यक्तिगत पैठ और लोकप्रियता है। 

बांकीपुर सीट पर कायस्थ मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है। शत्रुघ्न सिन्हा का खुलकर पीके के साथ आना बीजेपी के इस कोर वोटर बेस में सेंधमारी कर सकता है। पीके की उम्मीदवारी और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े चेहरे के समर्थन के बाद अब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के भीतर भी बांकीपुर में जन सुराज को लेकर अंदरूनी हलचल तेज हो गई है।

प्रशांत किशोर इस उपचुनाव को महज एक सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि बिहार के मौजूदा राजनीतिक सिस्टम के खिलाफ एक जनमत संग्रह मान रहे हैं। जन सुराज की टीमें बांकीपुर के हर वार्ड में जाकर सीधे जनता की समस्याओं का दस्तावेजीकरण कर रही हैं। पीके ने सीधे तौर पर वोटरों से अपील की है कि वे इस बार जातिगत समीकरणों को छोड़कर अपने बच्चों के भविष्य और विकास के नाम पर वोट दें।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इस वीआईपी सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती तीन अगस्त को की जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि शत्रुघ्न सिन्हा की 'बिहारी बाबू' की अपील के बाद बांकीपुर की प्रबुद्ध जनता बीजेपी के गढ़ में क्या नया इतिहास रचती है।