जर्जर तारों से भड़की आग तो सड़क पर उतरे ग्रामीण, आक्रोशित ग्रामीणों ने काटा बवाल, मुख्यमार्ग जाम

पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के पकड़ीदयाल प्रखंड क्षेत्र के राजेपुर नवादा पंचायत अंतर्गत पंडितपुर गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही और जर्जर तारों की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पताही-मोतिहारी मुख्य पथ को सेपुखरवा बाजार के समीप बांस-बल्ला लगाकर पूरी तरह जाम कर दिया और विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। 

जर्जर तारों से भड़की आग तो सड़क पर उतरे ग्रामीण, आक्रोशित ग्रामीणों ने काटा बवाल, मुख्यमार्ग जाम

DESWA DESK : पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के पकड़ीदयाल प्रखंड क्षेत्र के राजेपुर नवादा पंचायत अंतर्गत पंडितपुर गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही और जर्जर तारों की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पताही-मोतिहारी मुख्य पथ को सेपुखरवा बाजार के समीप बांस-बल्ला लगाकर पूरी तरह जाम कर दिया और विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। 

सड़क जाम रहने के कारण दोनों तरफ छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब दो घंटे तक इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि गांव में बिजली के तार और पोल काफी समय से बदहाल स्थिति में हैं। आए दिन शॉर्ट सर्किट होने से विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है। बीती रात करीब दस बजे गांव के सरकारी स्कूल और मंदिर के पास जर्जर तारों में अचानक भीषण शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

 आग की तेज लपटें पास स्थित एक झोपड़ी की ओर फैलने लगीं, हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद बिजली विभाग को सूचना देकर अविलंब समाधान की गुहार लगाई गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

विभाग की इस उदासीनता से त्रस्त होकर अंततः ग्रामीणों को सड़क पर उतरने को विवश होना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आबादी वाले इलाके में जर्जर और नंगे तार हादसों को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। किसी भी समय कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन का झुनझुना थमा रहे हैं। 

सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक पहल के बाद मौके पर अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द से जल्द पुराने तारों को बदलकर नया केबल लगाने का ठोस भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटाया और मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही तारों को नहीं बदला गया तो वे आगे चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

 मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट