कक्षा में सोई शिक्षिका का नहीं, आखिर किसका था वायरल वीडियो..शिक्षा विभाग ने क्या कहा?

जांच के दौरान विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला विद्यालय की शिक्षिका नहीं, बल्कि टोला सेवक खुशबू कुमारी हैं। उनकी तबीयत खराब होने के कारण वे विश्रामावकाश के दौरान कुछ समय के लिए आराम कर रही थीं, तभी किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

कक्षा में सोई शिक्षिका का नहीं, आखिर किसका था वायरल वीडियो..शिक्षा विभाग ने क्या कहा?

DESWA DESK : समस्तीपुर में सोशल मीडिया पर एक शिक्षिका के कक्षा में सोते हुए दिखने वाले वायरल वीडियो को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने नई जानकारी दी है। समस्तीपुर डीईओ ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि वायरल वीडियो पटोरी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चकसबीब का है, जो मार्च 2026 का बताया गया है।

जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद पटोरी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था। जांच के दौरान विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला विद्यालय की शिक्षिका नहीं, बल्कि टोला सेवक खुशबू कुमारी हैं। उनकी तबीयत खराब होने के कारण वे विश्रामावकाश के दौरान कुछ समय के लिए आराम कर रही थीं, तभी किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने 24 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को कार्यालय अथवा कक्षा में मोबाइल फोन के उपयोग से परहेज करने तथा समयबद्ध ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान किसी कर्मचारी के पास मोबाइल का अनुचित उपयोग पाया जाता है तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

वहीं, जिला शिक्षा कार्यालय ने 8 जून 2026 को सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को पुनः निर्देश जारी कर विद्यालयों में विभागीय मानकों के अनुरूप पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा कक्षा संचालन अवधि में मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लागू कराने को कहा है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।