चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप: नोएडा से कश्मीरी गेट तक 47 किलोमीटर दरिंदगी, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
दिल्ली में एक बार फिर चलती बस में दरिंदगी की खौफनाक वारदात सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के परी चौक से कश्मीरी गेट के बीच करीब 47 किलोमीटर तक चलती स्लीपर बस में 11वीं की एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
DESWA DESK : दिल्ली में एक बार फिर चलती बस में दरिंदगी की खौफनाक वारदात सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के परी चौक से कश्मीरी गेट के बीच करीब 47 किलोमीटर तक चलती स्लीपर बस में 11वीं की एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है। परिवार में अनबन होने के बाद वह बिना बताए नोएडा स्थित अपने भाई के घर के लिए निकली थी। मैनपुरी से नोएडा पहुंचने के दौरान तेज बारिश और अंधेरे की वजह से वह गलती से परी चौक पर उतर गई। वहां से नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए उसने सड़क किनारे गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।
बस के शीशों पर काले पर्दे लगे हुए थे। छात्रा को अकेली और लाचार देख ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा छोड़ने का झांसा देकर बस में बैठा लिया। बस के रवाना होते ही दोनों ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। पीड़िता के कड़ा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद आरोपियों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और मौके से फरार हो गए। बदहवास हालत में पीड़िता ने तुरंत कश्मीरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंचकर आपबीती सुनाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने परी चौक से कश्मीरी गेट तक के रूट पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बस के नंबर और लोकेशन को ट्रैक करते हुए पुलिस टीम ने तिमारपुर की एक पार्किंग से बस को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों कुलदीप (ड्राइवर) और संदीप (कंडक्टर) को दबोच लिया। फोरेंसिक टीम ने बस से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले में सख्त कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।













