भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने पीएम मोदी से की मुलाकात, संगठन को नई दिशा देने पर हुई अहम चर्चा

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात की तस्वीरें नितिन नबीन ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने पार्टी में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार ...

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने पीएम मोदी से की मुलाकात, संगठन को नई दिशा देने पर हुई अहम चर्चा

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात की तस्वीरें नितिन नबीन ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने पार्टी में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने लिखा.....
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा करते हुए नितिन नबीन की सराहना की। पीएम मोदी ने लिखा,बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और ज़मीनी स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनका संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव पार्टी के लिए अमूल्य सिद्ध होगा, और हम सब मिलकर देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में कार्य करेंगे।

दिल्ली शिफ्ट होने की तैयारी
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भाजपा नेतृत्व ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद से वे लगातार पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन अपने बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। संगठनात्मक जिम्मेदारियों के चलते उनका प्रमुख कार्यक्षेत्र अब दिल्ली में रहने की संभावना है।

इसी बीच, अगले वर्ष की शुरुआत में बिहार से राज्यसभा की चार सीटें रिक्त होने जा रही हैं। ऐसे में भाजपा नितिन नबीन को उच्च सदन में भेज सकती है। राज्यसभा सदस्य बनने की स्थिति में उन्हें दिल्ली में टाइप-8 श्रेणी का सरकारी आवास भी आवंटित किया जाएगा, जिससे पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के कार्यों को संचालित करने में उन्हें सुविधा मिलेगी।

मंत्री पद से पहले ही दे चुके हैं इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के ठीक एक दिन बाद ही नितिन नबीन ने नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। वे बिहार सरकार में पथ निर्माण और नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।उनके इस्तीफे के बाद इन दोनों विभागों का दायित्व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सौंपा गया है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल को पथ निर्माण विभाग का नया प्रभार सौंपा गया है।