नागपुर फैक्ट्री हादसा: पानी की टंकी फटने से बिहार के 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 9 घायल
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। बुटीबोरी MIDC इलाके में स्थित अवादा इलेक्ट्रो प्राइवेट लिमिटेड की सोलर पैनल निर्माण फैक्ट्री में पानी की टंकी फटने से बिहार के 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बनी...
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। बुटीबोरी MIDC इलाके में स्थित अवादा इलेक्ट्रो प्राइवेट लिमिटेड की सोलर पैनल निर्माण फैक्ट्री में पानी की टंकी फटने से बिहार के 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।
तेज धमाके के साथ ढह गया टंकी का ढांचा
यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे उस समय हुआ, जब फैक्ट्री परिसर में लगी एल्युमिनियम से बनी पानी की टंकी की टेस्टिंग की जा रही थी। मजदूर टंकी के आसपास निर्माण कार्य में लगे थे। अचानक पानी के अत्यधिक दबाव के कारण टंकी में जोरदार विस्फोट हुआ और उसका पूरा ढांचा पानी के साथ ढह गया। आसपास मौजूद मजदूर मलबे और तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना नागपुर-चंद्रपुर राजमार्ग के पास स्थित बुटीबोरी महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MIDC) की है।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। राहत और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के विभिन्न जिलों से थे। मृतक मजदूरों की पहचान पश्चिम चंपारण के अरविंद ठाकुर (28) और बुलेट इंद्रजीत शाह (30), पहाड़पुर के अशोक पटेल (42), मुजफ्फरपुर के अजय पासवान (26), सुधांशु कुमार साहनी (36), शमीम अंसारी (42) के रूप में हुई है।मरने वालों में दो मुजफ्फरपुर, दो बेतिया के रहने वाले थे। सभी घायल भी बिहार के निवासी हैं।
वहीं मृतकों में 2 मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। उनकी पहचान करजा इलाके के गबसरा निवासी नागेश्वर सहनी के बेटे सुधांशु कुमार(23) और राजेश्वर पासवान के बेटे अजय कुमार(25) के तौर पर हुई है। इसी गांव के बुल्ला सहनी के बेटे प्रकाश कुमार(28) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।टंकी गिरने के बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसमें दबकर सुधांशु और अजय की मौत हो गई। जबकि प्रकाश के पैर फ्रैक्चर हो गए और सीने में चोट लगी है।वहीं बेतिया के पश्चिम चंपारण के चनपटिया प्रखंड क्षेत्र के मिश्रौली पटखौली गांव निवासी अरविंद कुमार ठाकुर और बुलेट कुमार की भी हादसे में जान में जान चली गई।
सूचना मिलने पर पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।हादसे के बाद टंकी के निर्माण में इस्तेमाल की गई धातु की क्वालिटी पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने प्राथमिक जांच में तकनीकी खामी या घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई है।
तकनीकी खामी और घटिया सामग्री की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने टंकी के कमजोर स्ट्रक्चर और निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि रामा बांध से लाए गए पानी से टंकी की क्षमता की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अत्यधिक दबाव के कारण टंकी फट गई।नागपुर ग्रामीण की डिप्टी एसपी भाग्यश्री धीरबस्सी ने बताया कि शुरुआती तौर पर हादसे की वजह पानी का अत्यधिक दबाव और तकनीकी खामी मानी जा रही है। पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए
डिप्टी एसपी ने कहा, 10 लोग हादसे की चपेट में आए है। मृतकों की बॅाडी को पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स भेज दिया है। और 4 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं इस दर्दनाक घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा, संबंधित कंपनी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई है।
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हादसे में घायल मजदूरों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी और उनके इलाज का पूरा खर्च कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा।
जांच जारी, जवाबदेही तय होगी
बता दें कि प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। टंकी के डिजाइन, निर्माण प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों और जिम्मेदार एजेंसियों की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।













