बेऊर जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह, राज्यसभा चुनाव में करेंगे वोटिंग, NDA को राहत

बिहार में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए के लिए एक अहम खबर सामने आई है। बेऊर जेल में बंद मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को मतदान की अनुमति मिल गई है। एमपी-एमएलए की विशेष अदालत ने आदेश दिया है कि उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा ले जाकर वोट डालने दिया जाए।दरअसल, अनंत सिंह के वकील की ओर से एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दाखिल .....

बेऊर जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह, राज्यसभा चुनाव में करेंगे वोटिंग, NDA को राहत

बिहार में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए के लिए एक अहम खबर सामने आई है। बेऊर जेल में बंद मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को मतदान की अनुमति मिल गई है। एमपी-एमएलए की विशेष अदालत ने आदेश दिया है कि उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा ले जाकर वोट डालने दिया जाए।दरअसल, अनंत सिंह के वकील की ओर से एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। याचिका में कहा गया था कि 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होना है और अनंत सिंह एक निर्वाचित विधायक होने के कारण मतदाता हैं। ऐसे में उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच मतदान करने की अनुमति दी जाए। इस मामले पर सुनवाई करते हुए विशेष अदालत के न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय ने याचिका को स्वीकार कर लिया।

 वापस बेऊर जेल भेज दिया जाएगा
कोर्ट ने अपने आदेश में बेऊर जेल के काराधीक्षक को निर्देश दिया है कि 16 मार्च को अनंत सिंह को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ विधानसभा ले जाया जाए, जहां वे राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करेंगे। मतदान के बाद उन्हें वापस बेऊर जेल भेज दिया जाएगा। बता दें कि राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले आया यह फैसला एनडीए के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, बिहार की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव में हर एक वोट की अहम भूमिका है। एनडीए के पांचवें उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत बताई जा रही है।

विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान जेल से बाहर आए थे
इसी बीच संभावित क्रॉस वोटिंग को रोकने के लिए दोनों गठबंधनों की ओर से विधायकों को व्हिप जारी करने की तैयारी भी की जा रही है। राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो ओवैसी की पार्टी के समर्थन के बाद महागठबंधन के उम्मीदवार को अब केवल एक अतिरिक्त वोट की जरूरत बताई जा रही है।ऐसे में 16 मार्च को होने वाली वोटिंग के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि एनडीए अपने तीन अतिरिक्त वोटों का इंतजाम कर पाता है या महागठबंधन अपने उम्मीदवार को राज्यसभा भेजने में सफल होता है।गौरतलब है कि इससे पहले भी अनंत सिंह बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान जेल से बाहर आए थे। उस समय उन्होंने विधायक पद की शपथ ली थी और शपथ ग्रहण के बाद वापस बेऊर जेल लौट गए थे। फिलहाल अनंत सिंह दुलारचंद हत्याकांड के मामले में बेऊर जेल में बंद हैं।