सरकार की साजिश या प्रशासनिक लापरवाही? तेजस्वी यादव को नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज़ होती जा रही है। इसी बीच मोकामा में दुलारचंद की हत्या और उस मामले में बाहुबली नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासनिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। कई जिलों में राजनीतिक रैलियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और कई जगहों पर राजनीतिक वाहनों की जब्ती की ....
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज़ होती जा रही है। इसी बीच मोकामा में दुलारचंद की हत्या और उस मामले में बाहुबली नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासनिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। कई जिलों में राजनीतिक रैलियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और कई जगहों पर राजनीतिक वाहनों की जब्ती की जा रही है।
बरबीघा में नहीं उतर सका तेजस्वी का हेलीकॉप्टर
जानकारी के अनुसार,इसी बीच महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी यादव बरबीघा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। वे कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने वाले थे। लेकिन, तेजस्वी यादव के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद उनका हेलीकॉप्टर हवा में चक्कर काटता रहा और अंततः उन्हें सूर्यगढ़ा के लिए रवाना होना पड़ा।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बरबीघा में पहले से हेलीपैड तैयार था और लगभग 50 हजार से ज्यादा समर्थक तेजस्वी के आगमन का इंतजार कर रहे थे।
कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप
तेजस्वी यादव के न उतर पाने से नाराज़ कांग्रेस प्रत्याशी त्रिशुलधारी सिंह ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा,यह पूरी तरह साजिश है। सरकार के मंत्री यहां कैंप कर रहे हैं। हमारा कार्यक्रम पहले से तय था, लेकिन तेजस्वी यादव के हेलीकॉप्टर को जानबूझकर अनुमति नहीं दी गई।उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन पूरी तरह सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है।हमने हैलीपैड बनाया था, पूरी तैयारी थी। फिर भी प्रशासन ने मंजूरी नहीं दी। यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है। अब जनता इसका जवाब वोट से देगी।
प्रशासन पर हाईजैक का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बरबीघा में पूरा प्रशासन “हाईजैक” हो गया है। उनका कहना है कि तेजस्वी यादव जैसे बड़े नेता को भी चुनाव प्रचार के लिए उतरने नहीं दिया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाता है।दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह की गिरफ्तारी और अब तेजस्वी यादव के कार्यक्रम में प्रशासनिक रोक — इन दोनों घटनाओं ने बिहार की सियासत को और तूल दे दिया है।













