राहुल गांधी का अनोखा चुनावी स्टाइल, तालाब में कूदकर मछुआरों संग मछली पकड़ी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक है। 6 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले सभी राजनीतिक दल मैदान में जोरों शोरों से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को मतदाताओं से जुड़ने का एक अनोखा तरीका अपनाया, जिसने पूरे राजनीतिक माहौल को चौंका ...
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक है। 6 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले सभी राजनीतिक दल मैदान में जोरों शोरों से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को मतदाताओं से जुड़ने का एक अनोखा तरीका अपनाया, जिसने पूरे राजनीतिक माहौल को चौंका दिया।
तालाब में उतरे राहुल गांधी
बेगूसराय में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी अचानक एक स्थानीय तालाब में उतर गए। उनके साथ विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही मुकेश सहनी तालाब में कूदे, राहुल गांधी ने भी बिना किसी झिझक के पानी में उतरकर मछुआरों के साथ मिलकर मछली पकड़ने का काम शुरू कर दिया।ग्रामीणों के बीच यह नजारा बेहद रोमांचक रहा। राहुल गांधी को जाल डालते और मछलियां पकड़ने में मेहनत करते देख आस-पास मौजूद लोगों में उत्साह फैल गया। ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
ग्रामीणों के साथ बैठकर खाया स्थानीय भोजन
तालाब से निकलने के बाद राहुल गांधी, मुकेश सहनी और कन्हैया कुमार ने स्थानीय मछुआरों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी साझा किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं। बता दें कि राहुल गांधी के तालाब में उतरने का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी का यह कदम मतदाताओं से भावनात्मक जुड़ाव का प्रयास है। ऐसे समय में जब बिहार की राजनीति में जाति और गठबंधन समीकरण हावी हैं, राहुल गांधी का यह मानवीय चेहरा नई चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।













