अनंत सिंह का भव्य दंगल: 51 लाख इनाम का ऐलान…चांदी की गदा और विदेशी रेसलर्स का रोमांच,भोजपुरी गाने पर झूमा अखाड़ा
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के नदवां गांव में शुक्रवार को जेडीयू विधायक अनंत सिंह द्वारा अंतरराष्ट्रीय महादंगल का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दंगल दिवंगत पहलवान विवेका पहलवान की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया है, जिसमें देश और विदेश के पहलवानों ने हिस्सा लिया है।इस मौके पर अनंत सिंह ने विजेता पहलवान को 51 लाख रुपये नकद और चांदी की गदा देने का ऐलान किया है, जिससे आयोजन की.......
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के नदवां गांव में शुक्रवार को जेडीयू विधायक अनंत सिंह द्वारा अंतरराष्ट्रीय महादंगल का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दंगल दिवंगत पहलवान विवेका पहलवान की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया है, जिसमें देश और विदेश के पहलवानों ने हिस्सा लिया है।इस मौके पर अनंत सिंह ने विजेता पहलवान को 51 लाख रुपये नकद और चांदी की गदा देने का ऐलान किया है, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई है।
विदेशियों ने भी दिखाया दम
महादंगल में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। ईरान के पहलवान जलाल को महाराष्ट्र के खिलाड़ी शिवा ने पटखनी दी, जबकि जॉर्जिया के पहलवान ने दिल्ली के रोहित को हराकर दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।अखाड़े में लगातार चल रही कुश्तियों के बीच दर्शकों का जोश देखते ही बन रहा है।कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह अपने छोटे बेटे अभिनव सिंह के साथ मौजूद हैं। सिर पर साफा बांधे अनंत सिंह पूरे अखाड़े के चारों ओर घूम-घूमकर कुश्ती देख रहे हैं ।स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग सिर्फ कुश्ती ही नहीं, बल्कि अनंत सिंह को देखने के लिए भी पहुंचे हैं।
गुंजन सिंह के गाने पर झूम उठा अखाड़ा
दंगल में भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उनके गाने “देखने में तुमको भले गवार लगते हैं…” पर अनंत सिंह ने गमछा लहराया, जिसके बाद पूरा मैदान झूम उठा और दर्शक भी ताल में ताल मिलाते नजर आए। महादंगल को देखने के लिए करीब 10 हजार दर्शक मैदान में मौजूद हैं। बाहर से आए लोगों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गईहै, जिससे आयोजन में ग्रामीण मेले जैसा माहौल बन गया।
जमानत के बाद पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम
गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद अनंत सिंह हाल ही में बेऊर जेल से बाहर आए हैं। जेल से बाहर आने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम है, जिस वजह से इसकी चर्चा और भी तेज हो गई है। वहीं जानकारी के लिए यह भी बता दें कि विवेका पहलवान, जिनका असली नाम विवेक सिंह था, बिहार के चर्चित पहलवानों में गिने जाते थे। उन्होंने ‘बिहार केसरी’ का खिताब जीता था और अपनी सख्त दिनचर्या के लिए जाने जाते थे।













