हरियाणा से बिहार के लिए छठ पूजा स्पेशल AC बस सेवा, परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा-किफायती होगा किराया

दीपावली और भाईदूज की रौनक और खुशियों के बाद अब देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। वहीं छठ पूजा के अवसर पर हरियाणा और बिहार सरकारों के सहयोग से हरियाणा से बिहार तक विशेष वातानुकूलित...

हरियाणा से बिहार के लिए छठ पूजा स्पेशल AC बस सेवा, परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा-किफायती होगा किराया

दीपावली और भाईदूज की रौनक और खुशियों के बाद अब देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। वहीं छठ पूजा के अवसर पर हरियाणा और बिहार सरकारों के सहयोग से हरियाणा से बिहार तक विशेष वातानुकूलित (AC) बस सेवा शुरू की जा रही है। यह ऐलान हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने किया। उन्होंने इस ऐलान को लेकर कहा कि बिहार सरकार ने छठ पूजा के पर्व को लेकर हरियाणा से बिहार तक विशेष बस सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था, जिसको सरकार ने मान लिया है और ये सेवा शुरू की जा रही है।

तीन महीने तक ये बसें चलाई जाएंगी

हरियाणा और बिहार सरकारों के बीच हुए समझौते के तहत यह सेवा विशेष रूप से त्योहारों के मौसम के लिए शुरू की गई है। इस समझौते के मुताबिक, हर साल त्योहारों के दौरान तीन महीने तक ये बसें चलाई जाएंगी। परिवहन मंत्री विज ने बताया कि इस बस सेवा के जरिए यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समयबद्ध यात्रा ही हरियाणा रोडवेज की प्राथमिकता रहेगी। यह सुविधा अगले तीन महीनों तक उपलब्ध रहेगी, जिससे त्योहारों पर अपने घर जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

अनिल विज ने बताया..         

अनिल विज ने बताया कि इन बसों में किराए को भी किफायती रखा गया है, ताकि सामान्य वर्ग के यात्री भी आसानी से सफर कर सकें। कई ऑपरेटर यात्रियों को त्योहारों के दौरान किराए में छूट भी दे रहे हैं। वातानुकूलित बसों में आरामदायक सीटिंग व्यवस्था, जीपीएस ट्रैकिंग और आवश्यक सुरक्षा इंतज़ाम भी किए गए हैं।वहीं इस व्यवस्था को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की योजना बनाई गई है। त्योहारों में बिहार जाने वाले यात्रियों की रेल टिकटें कंफर्म नहीं होतीं या लंबी वेटिंग में फंस जाती हैं। ऐसे में यह बस सेवा यात्रियों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।

मुख्य मार्ग और रूट

अंबाला से चलने वाली बसें बिहार के कई प्रमुख मार्गों पर संचालित की जा रही हैं। इनमें अंबाला से पटना जाने वाली बस करनाल, शामली, मेरठ, हापुड़, अलीगढ़, एटा, कन्नौज, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर होते हुए पटना पहुंचती है। इसी तरह अंबाला से पूर्णिया और मधुबनी के लिए चलने वाली बसें करनाल, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सहरसा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचती हैं।