बिहार में ठंड ने बदली चाल, कोल्ड डे से राहत लेकिन उत्तर बिहार में कोहरे का येलो अलर्ट
बिहार में लंबे समय से जारी कड़ाके की ठंड, कोल्ड डे और घने कोहरे के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में खिली तेज धूप ने ठंड के तेवर नरम कर दिए हैं और जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 21 जनवरी तक राज्य में कोल्ड डे की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, हालांकि सुबह..........
बिहार में लंबे समय से जारी कड़ाके की ठंड, कोल्ड डे और घने कोहरे के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में खिली तेज धूप ने ठंड के तेवर नरम कर दिए हैं और जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 21 जनवरी तक राज्य में कोल्ड डे की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, हालांकि सुबह और रात के समय ठंडक बनी रहेगी।
उत्तर बिहार में घने कोहरे का येलो अलर्ट
IMD ने 15 से 17 जनवरी के बीच उत्तर बिहार के सीमावर्ती जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज—के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।वाल्मीकि नगर में न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर तक दर्ज की गई, जो यातायात के लिहाज से खतरनाक मानी जा रही है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
चटक धूप से बदला जनजीवन का मिजाज
बता दें कि बीते कई दिनों से ठंड और कोहरे की मार झेल रहे लोगों के लिए चटक धूप किसी राहत से कम नहीं है। सुबह के समय हल्का कुहासा जरूर बना रहता है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, धूप के साथ ठंड का असर कमजोर पड़ने लगता है। वहीं पटना, गया, औरंगाबाद समेत कई जिलों में लगातार चौथे दिन धूप खिलने से लोग पार्कों, छतों और खुले मैदानों में बैठकर धूप का आनंद लेते नजर आए।
तापमान में दर्ज की गई बढ़ोतरी
धूप निकलने के साथ ही अधिकतम तापमान में इजाफा देखा गया है। किशनगंज में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । मुजफ्फरपुर में दिन का सबसे कम अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री के बीच बना हुआ है। वहीं औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, जबकि फारबिसगंज में 12 डिग्री दर्ज किया गया।
अगले सात दिन शुष्क रहेगा मौसम
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। कई स्थानों पर सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। तो वहीं अधिकतम तापमान में अगले दो-तीन दिनों तक खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद इसमें क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी फिलहाल स्थिर रहने का अनुमान है।वहीं मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम 8 से 12 डिग्री के बीच बना रह सकता है।
सतर्क रहने का संकेत
वहीं उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 20 से 26 डिग्री तक रहने की संभावना है। कुल मिलाकर बिहार में अब ठंड अपना रौद्र रूप खोती नजर आ रही है। कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत तो जरूर मिली है, लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं है।सुबह और रात के समय हवा में अब भी कनकनी महसूस की जा रही है, जो सेहत के लिहाज़ से सतर्क रहने का संकेत देती है।













