पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने थामा जनसुराज का दामन, पार्टी AASA का भी विलय, कहा-हम तीसरे नहीं बल्कि टॉप पर रहेंगे
बिहार में इस साल के अंत तक चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर राजनीतिक गतिविधि काफी बढ़ चुकी हैं। नेताओं के पार्टी छोड़ने और नई पार्टी में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह आज रविवार को प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज पार्टी में शामिल हो गए हैं।..

बिहार में इस साल के अंत तक चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर राजनीतिक गतिविधि काफी बढ़ चुकी हैं। नेताओं के पार्टी छोड़ने और नई पार्टी में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह आज रविवार को प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज पार्टी में शामिल हो गए हैं। चुनाव रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज का पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने अब दामन थाम लिया है। आरसीपी सिंह ने अपनी सियासी पार्टी "आसा" का विलय रविवार को जनसुराज पार्टी में करा दिया।
सियासी तापमान भी चढ़ा हुआ है
बता दें कि प्रशांत किशोर के साथ उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस किया और मीडिया के सामने इस विलय की जानकारी दी। बिहार चुनाव से पहले आरसीपी सिंह के इस फैसले से रविवार का सियासी तापमान भी चढ़ा हुआ है। बिहार में इस साल होने वाले चुनाव से पहले इस विलय को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। बता दें कि आरसीपी सिंह कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी हुआ करते थे और जेडीयू में शीर्ष पर काबिज भी रहे। नई पार्टी में आने के साथ ही वह नीतीश कुमार के गांव से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। गौरतलब हो कि आरसीपी सिंह ने पिछले साल अक्टूबर में आप सबकी आवाज (AASA) के नाम से नई पार्टी का ऐलान किया था। साथ ही यह भी बताया था कि उनकी पार्टी AASA बिहार की 140 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
हम तीसरे नहीं बल्कि टॉप पर रहेंगे-आरसीपी सिंह
आरसीपी सिंह ने जनसुराज पार्टी का दामन थामा तो इस अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रशांत किशोर ने कहा कि राजनीतिक संगठन और प्रशासनिक समझ जितनी आरसीपी सिंह को है, उसका फायदा मिलेगा। वहीं आरसीपी सिंह ने इस अवसर पर कहा कि 10 साल पहले जब महागठबंधन की सरकार बनी थी तब हमलोगों ने मिलकर मेहनत की थी और कामयाबी मिली थी। उन्होंने कहा कि एनडीए और इंडिया दोनों गठबंधन में हमलोगों ने काम किया। उन्होंने बिहार के उपेक्षा होने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमलोग काम किए हैं और काम करके दिखाएंगे। आरसीपी सिंह ने कहा कि हम तीसरे नहीं बल्कि टॉप पर रहेंगे।