झारखंड में पुलिस प्रशासन की नई तस्वीर, 201 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
झारखंड की हेमंत सोरेन (Hemant Soren )सरकार ने राज्य पुलिस महकमे में अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बुधवार को 201 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का एक...
झारखंड की हेमंत सोरेन (Hemant Soren )सरकार ने राज्य पुलिस महकमे में अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बुधवार को 201 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का एक साथ तबादला कर दिया। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद पूरे पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। लंबे समय बाद हुए इस बड़े बदलाव को सरकार की कानून-व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने की रणनीति माना जा रहा है।
संवेदनशील इलाकों में नए चेहरों को मौका
जारी आदेश के तहत कई जिलों के एसडीपीओ, ट्रैफिक डीएसपी, स्पेशल ब्रांच और पुलिस मुख्यालय में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार ने संवेदनशील इलाकों में नए चेहरों को मौका दिया है, जबकि लंबे समय से एक ही जगह पर तैनात अधिकारियों को दूसरी जगह भेजा गया है। कई अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग मिली है तो कुछ को तकनीकी और विशेष शाखाओं में शिफ्ट किया गया है।
कई हफ्तों से गृह विभाग इस सूची पर मंथन कर रहा था
सूत्रों के मुताबिक, इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के पीछे सरकार का मकसद पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और जन-केंद्रित बनाना है। आगामी चुनौतियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पिछले कई हफ्तों से गृह विभाग इस सूची पर मंथन कर रहा था। बताया जा रहा है कि फील्ड और मुख्यालय के बीच बेहतर संतुलन बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
तत्काल प्रभाव से नए पदों पर योगदान देने को कहा गया
सरकार के निर्देश के बाद सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर योगदान देने को कहा गया है। पुलिस मुख्यालय ने भी नए अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, जन-सुनवाई और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में पुलिस विभाग में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।













