रोहतास में मजदूर संगठनों ने किया श्रम कार्यालय का घेराव, तालबंदी करने की दी चेतावनी

रोहतास में मजदूर संगठनों ने किया श्रम कार्यालय का घेराव, तालबंदी करने की दी चेतावनी
रोहतास में मजदूर संगठनों ने किया श्रम कार्यालय का घेराव

बिहार के रोहतास में ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियन न्यू के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। कोडालमियानगर स्थित श्रम संसाधन केंद्र पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों किसान मजदूर महिला पुरुषों ने घेराव किया। वहीं श्रम अधीक्षक के विरुद्ध नारेबाजी भी की। दअरसल मजदूरों का जत्था डेहरी लेनिन चौक चुना भट्टा पर इकट्ठा हुआ। यहां से जुलूस की शक्ल में मांगों के समर्थन और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए श्रम अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने सभा की जिसे विभिन्न असंगठित मजदूर यूनियन नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान जुलूस में ग्रामीण क्षेत्र के मनरेगा मजदूर महिला पुरुष भी काफी संख्या में शामिल थे। मजदूर हित में व सुरक्षा के लिए बनाए गए सभी योजनाओं का लाभ श्रमिकों को मुहैया कराने की मांग कर रहे थे।

भाकपा माले जिला सचिव अशोक बैठा ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार उद्योगपतियों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के हित में काम कर रही है। मजदूरों के खिलाफ चार श्रम संहिता को कानून बनाकर श्रमिकों की वर्षों की लड़ाई से प्राप्त सभी अधिकारों को छीन ली है। श्रमिकों और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के करोड़ों परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। बेरोजगारी, महंगाई से आबादी के 60 प्रतिशत लोग कष्टदायक जीवन जीने पर मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सभी मनरेगा मजदूरों को श्रमिक कार्ड देना व निबंधन किया जाए। चिमनी ईट भट्टा पर मजदूर महिलाओं एवं बच्चियों पर हो रहे शोषण के खिलाफ मालिकों पर कार्रवाई की जाए। 

प्रदर्शन कर रही उर्मिला कुंवर ने कहा कि हम गरीब लोग रोजगार के बिना सड़क पर मारे मारे फिर रहे हैं। राशन किरासन से लेकर जन वितरण प्रणाली के अनाज तक नहीं मिल पा रहा। अब सिर्फ 5 किलो ही राशन मिल रहा। मजदूरी के पैसे कम पड़ रहे। ऐसे में 5 किलो रासन से क्या होगा। वहीं माले जिला सचिव अशोक बैठा ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। मजबूरी में पलायन हो रहा है। पूर्व में बनी हुई कई श्रमिकों की योजनाएं लागू नहीं हो रही हैं। श्रम कार्यालय में भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी का राज चल रहा है अगर अभी यहां के अधिकारी नहीं चेते तो श्रम कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। 

देसवा न्यूज के लिये रोहतास से रवि की रिपोर्ट...