बोधगया में कानून व्यवस्था को चुनौती,परिवहन विभाग के ESI पर हमला,एक आरोपी गिरफ्तार

गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। परिवहन विभाग में कार्यरत ईएसआई मनोज कुमार पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला उस समय हुआ जब वे डोभी चेकपोस्ट पर अपनी ड्यूटी पूरी कर देर शाम घर लौट रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही मनोज कुमार भागलपुर गांव स्थित अपने आवास के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल,.....

बोधगया में कानून व्यवस्था को चुनौती,परिवहन विभाग के ESI पर हमला,एक आरोपी गिरफ्तार

गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। परिवहन विभाग में कार्यरत ईएसआई मनोज कुमार पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला उस समय हुआ जब वे डोभी चेकपोस्ट पर अपनी ड्यूटी पूरी कर देर शाम घर लौट रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही मनोज कुमार भागलपुर गांव स्थित अपने आवास के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।  जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं  घटना को अंजाम देने के बाद  हमलावर मौके से फरार हो गए।

इलाज जारी, पुलिस ने दिखाई तत्परता
बता दें कि घटना के तुरन्त बाद  घायल अवस्था में ईएसआई मनोज कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।वहीं घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई से बौखलाए माफिया?
दरअसल पिछले कुछ दिनों से डोभी चेकपोस्ट पर ओवरलोड ट्रकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से अवैध परिवहन और नो-एंट्री माफिया में खलबली मची हुई है। प्रशासन की सख्ती से परेशान माफिया तत्वों द्वारा इस हमले को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।मनोज कुमार डोभी चेकपोस्ट पर सक्रिय रूप से तैनात थे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे थे।

प्रशासन का कड़ा संदेश – कार्रवाई जारी रहेगी
इस मामले में परिवहन विभाग के सहायक जिला परिवहन अधिकारी (एडीटीओ) द्वारा बोधगया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी और माफिया गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।