बिहार में टेंडर माफिया पर SVU का बड़ा एक्शन, 2 करोड़ के जेवर और कैश बरामद

बिहार में सरकारी टेंडरों की कथित हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी...

बिहार में टेंडर माफिया पर SVU का बड़ा एक्शन, 2 करोड़ के जेवर और कैश बरामद

बिहार में सरकारी टेंडरों की कथित हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी पटना में आरोपी ठेकेदार रिशुश्री के ठिकानों पर छापेमारी की। बुधवार को हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारों और ठेकेदार लॉबी में हड़कंप मच गया है।

SVU की टीम ने पटना के मीठापुर इलाके स्थित कामत राम सखी एन्क्लेव के फ्लैट नंबर 5A में तड़के सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 6 घंटे तक चली छापेमारी में टीम को लगभग 2 करोड़ रुपये के जेवरात और करीब 2.5 लाख रुपये नकद बरामद हुए। जांच एजेंसियां अब इन संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल में जुट गई हैं।

जांच के केंद्र में मौजूद ठेकेदार रिशुश्री पर आरोप है कि उसने अपनी कंपनी Reliable Infra Services के जरिए सरकारी टेंडरों में हेराफेरी कर बड़े पैमाने पर अनुचित लाभ हासिल किया। सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क के तार कई अफसरों, इंजीनियरों और प्रभावशाली लोगों तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मामले की जांच पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा Prevention of Money Laundering Act के तहत की जा रही है। वहीं SVU ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। हाल ही में पटना हाईकोर्ट द्वारा आरोपी की क्रिमिनल रिट याचिका खारिज किए जाने के बाद जांच एजेंसियों को बड़ी मजबूती मिली।

सूत्रों के अनुसार SVU की टीम आरोपी को देर रात पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई थी। शुरुआती तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने की बात कही गई, लेकिन बाद में लंबी पूछताछ के बाद ठेकेदार रिशुश्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

अब जांच एजेंसियां बरामद कैश, जेवरात, बैंक ट्रांजैक्शन, डिजिटल रिकॉर्ड और टेंडर फाइलिंग दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं और कथित “टेंडर माफिया नेटवर्क” का दायरा और बढ़ सकता है।