बिहार में सड़क सुरक्षा पर बड़ा कदम, दुर्घटना वाले मार्गों का होगा तकनीकी अध्ययन
बिहार में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य...
बिहार में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में पटना सहित सभी अधिक दुर्घटना वाले सड़कों का तकनीकी अध्ययन किया जाएगा।इस अध्ययन में विशेष रूप से पटना का अटल पथ सहित अन्य प्रमुख सड़कें शामिल होंगी, जहां वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रैफिक दबाव के कारण दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है।
स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपाय होंगे लागू
परिवहन विभाग के अनुसार, सभी चिन्हित सड़कों पर स्पीड कंट्रोल सिस्टम लागू किए जाएंगे। साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
जिला स्तर पर टीम का गठन
इस पूरे अभियान के लिए हर जिले में अलग-अलग तकनीकी टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें सड़क की संरचना, डिजाइन और दुर्घटना के कारणों का गहन अध्ययन करेंगी।इसके बाद तैयार रिपोर्ट पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
फुट ओवर ब्रिज और कैमरा सिस्टम पर फोकस
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम भी उठाए जा रहे हैं। अटल पथ पर 4 नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) प्रस्तावित हैं।बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा 37 नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।सभी नए फुट ओवर ब्रिज में बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट की सुविधा होगी।सड़क निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
जागरूकता अभियान चलाया जाएगा
जहां पहले से फुट ओवर ब्रिज मौजूद हैं, वहां उनके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि लोग सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने के लिए FOB का ही उपयोग करें।













