पटना में निगरानी का बड़ा एक्शन, 1 लाख रिश्वत लेते एडिशनल SHO गिरफ्तार
राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को 1 लाख रुपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बुधवार ...
राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को 1 लाख रुपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को निगरानी की टीम ने जानीपुर थाना क्षेत्र के गाजाचक प्लॉट से उन्हें पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मामला जमीन विवाद के निपटारे से जुड़ा है। पीड़ित कौशल किशोर ने आरोप लगाया कि उनसे जमीन संबंधी मामले को सुलझाने के बदले 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में 2 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था।
निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया
बताया गया कि बुधवार को एडिशनल SHO संजय सिंह गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत स्थित प्लॉट पर सर्वे के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पीड़ित ने उन्हें 1 लाख रुपए दिए। जैसे ही उन्होंने रकम ली, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत दो दिन पहले ही निगरानी विभाग से की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद धावा दल का गठन कर कार्रवाई की गई।
जमीन पर खूंटा गड़वाने के बदले रिश्वत
निगरानी विभाग के DSP अरुणोदय पांडे ने बताया कि आरोपी अधिकारी जमीन पर खूंटा गड़वाने के बदले रिश्वत ले रहे थे। कार्रवाई पूरी योजना के तहत की गई और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया।वहीं, पीड़ित कौशल किशोर ने जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं के सक्रिय गैंग होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध कब्जे को बढ़ावा दिया जाता है और थाने में आने वाले मामलों में भी उगाही की जाती है।फिलहाल निगरानी विभाग आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।













