BJP के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन पर पप्पू यादव की बड़ी प्रतिक्रिया-सज्जन और सभ्य नेता हैं, उनसे गाली-गलौज खत्म होने की उम्मीद
भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नवीन को लेकर पूर्णिया के सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नितिन नवीन को एक सज्जन, सभ्य और गैर-विवादित व्यक्तित्व बताया। पप्पू यादव ने कहा कि नितिन नवीन आक्रामक राजनीति से दूर रहते हैं और उनसे उम्मीद है कि राजनीति में गाली-गलौज और कटुता की संस्कृति पर....
भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नवीन को लेकर पूर्णिया के सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नितिन नवीन को एक सज्जन, सभ्य और गैर-विवादित व्यक्तित्व बताया। पप्पू यादव ने कहा कि नितिन नवीन आक्रामक राजनीति से दूर रहते हैं और उनसे उम्मीद है कि राजनीति में गाली-गलौज और कटुता की संस्कृति पर विराम लगेगा।
वे सज्जन और सभ्य इंसान हैं
पप्पू यादव ने नितिन नवीन को लेकर कहा कि वे सज्जन और सभ्य इंसान हैं। एग्रेशन में नहीं रहते हैं, विवादित व्यक्ति नहीं हैं। हमें उम्मीद है कि गाली-गलौज की संस्कृति खत्म होगी। हालांकि, उन्होंने बीजेपी के अंदरूनी फैसलों पर सवाल भी उठाए। पप्पू यादव ने कहा कि नितिन नवीन को किन परिस्थितियों और किन आपसी झगड़ों के चलते अध्यक्ष बनाया गया है या फिर उन्हें “बलि का बकरा” बनाया गया है, यह तो बीजेपी ही बेहतर जानती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि असली मोहरा कौन है, यह समय ही बताएगा।
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के चयन पर भी टिप्पणी
इतना ही नहीं पप्पू यादव ने उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के चयन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी को यूपी बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि वे योगी आदित्यनाथ के समर्थक नहीं बल्कि राजनाथ सिंह के फॉलोअर हैं। उन्होंने इसे “कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना” बताते हुए कहा कि बीजेपी संघ के बिना न चल सकती है और न ही चल पाएगी। अमित शाह की राजनीतिक रणनीति को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि उनकी शतरंज की चालों का खुलासा वक्त के साथ होगा।इसके साथ ही पप्पू यादव ने बिहार के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि देश को बिहार ने राजेंद्र बाबू, सीताराम केसरी, ललित बाबू, जगजीवन राम और भोला पासवान शास्त्री जैसे बड़े नेता दिए हैं।
नितिन नवीन का राजनीतिक सफर
गौरतलब है कि नितिन नवीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं और साथ ही बीजेपी के छत्तीसगढ़ प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। नितिन नवीन ने वर्ष 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक के रूप में चुनाव जीता था। इसके बाद वर्ष 2010 से 2025 तक वे लगातार पांच बार बांकीपुर सीट से विजयी रहे हैं।नितिन नवीन वर्ष 2016 से 2019 तक बिहार बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें पहली बार वर्ष 2021 में नीतीश कुमार सरकार के दौरान मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।













