गोपालगंज में भूमाफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, सतीश पांडेय के घर चिपका इश्तहार
गोपालगंज में भूमाफिया और कथित सियासी संरक्षण के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। कुचायकोट थाना क्षेत्र से जुड़े ...
गोपालगंज में भूमाफिया और कथित सियासी संरक्षण के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। कुचायकोट थाना क्षेत्र से जुड़े बहुचर्चित जमीन कब्जा मामले में नया गांव तुलसिया स्थित सतीश पांडेय के आवास पर पुलिस द्वारा इश्तहार चिपकाए जाने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कई अहम जानकारियां सामने आई
दरअसल, मामला बेलवा गांव की करीब 16 एकड़ जमीन पर कथित अवैध कब्जे से जुड़ा है, जिसकी जांच पुलिस लगातार कर रही है। इस केस में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और जांच के दौरान पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुल रही हैं।
की आंच राजनीतिक गलियारों तक पहुंची
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब जांच की आंच राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गई। जदयू विधायक पप्पू पांडेय, सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी समेत कई लोगों को नामजद किए जाने के बाद यह मामला हाई-प्रोफाइल बन गया है। आरोप है कि भूमाफियाओं को कथित संरक्षण देकर जमीन कब्जे की साजिश को अंजाम दिया गया। हालांकि, अभी तक इन आरोपों की न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं तेज
इधर, सतीश पांडेय के आवास पर इश्तहार चिपकने के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाई जा रही है।
नामजद आरोपियों की जमानत याचिका पर कोर्ट में बहस
अब इस पूरे मामले पर सबकी नजर आज होने वाली अहम सुनवाई पर टिकी है, जहां नामजद आरोपियों की जमानत याचिका पर कोर्ट में बहस होनी है। राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक में इस सुनवाई को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













