गोपालगंज में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश आकाश सिंह गोली लगने के बाद गिरफ्तार
बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शनिवार सुबह गोपालगंज में पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी ब...
बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शनिवार सुबह गोपालगंज में पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आकाश सिंह पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
बड़ी वारदात की फिराक में था अपराधी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने बंजारी बायपास इलाके में घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
अपराधी की ओर से की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली आकाश सिंह के दोनों पैरों में लगी।इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस ने घायल अपराधी को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हत्या, लूट और रंगदारी समेत 12 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी आकाश सिंह थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का निवासी है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित 12 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
मुठभेड़ के बाद पुलिस अब आकाश सिंह के आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुट गई है। उसके फरार साथियों और सहयोगियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही उसके गैंग से जुड़े अन्य मामलों और आपराधिक गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।













