TRE-4 में देरी पर सियासत तेज: तेजस्वी यादव का NDA सरकार पर बड़ा हमला
बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में हो रही देरी को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार जानबूझकर भर्ती प्रक्रिया को टाल रही है, जिससे लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता की राजनीति....
बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में हो रही देरी को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार जानबूझकर भर्ती प्रक्रिया को टाल रही है, जिससे लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता की राजनीति में उलझी सरकार युवाओं के हक की अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि कुर्सी के खेल में बिहार के नौजवानों के सपनों का कत्ल बंद होना चाहिए।
हमने 17 महीनों में किया रिकॉर्ड काम
तेजस्वी यादव ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि महागठबंधन सरकार के 17 महीनों में शिक्षा विभाग को मिशन मोड में चलाया गया। उन्होंने कहा कि बिना किसी पेपर लीक और पूरी पारदर्शिता के साथ TRE-1 और TRE-2 के तहत 2.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सरकार से हटते ही TRE-3 पेपर लीक का शिकार हो गया और अब TRE-4 का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है।
अब तक विज्ञापन भी नहीं
तेजस्वी यादव ने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि जब TRE-4 परीक्षा अगस्त 2024 में प्रस्तावित थी, तो अब तक उसका विज्ञापन क्यों जारी नहीं किया गया? उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया।उन्होंने अभ्यर्थियों की परेशानी को उठाते हुए कहा कि बार-बार परीक्षा टलने से कई युवाओं की अधिकतम आयु सीमा समाप्त हो रही है। उन्होंने कहा हर युवा अपने परिवार का सहारा बनना चाहता है, लेकिन सरकार बहानेबाजी में लगी है।तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार से राजनीति से ऊपर उठकर जल्द से जल्द TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग की। उन्होंने साफ किया कि यदि भर्ती प्रक्रिया में और देरी हुई, तो वे इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।













