पटना में भीषण गर्मी का कहर: 40°C पार तापमान, स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव
पटना इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जन-जीवन बुरी तरह....
पटना इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। तेज धूप और उमस भरी रातों ने लोगों को परेशान कर दिया है।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने 24 घंटे के अंदर दूसरा बड़ा आदेश जारी किया है। यह फैसला खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है।
12:30 बजे के बाद किसी भी तरह की शैक्षणिक गतिविधियों पर पाबंदी
आदेश के मुताबिक जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 5वीं कक्षा तक की पढ़ाई अब सुबह 11:30 बजे के बाद बंद कर दी जाएगी। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। वहीं, 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए दोपहर 12:30 बजे के बाद किसी भी तरह की शैक्षणिक गतिविधियों पर पाबंदी लगा दी गई है। स्कूल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने टाइम-टेबल को इसी आदेश के मुताबिक ढालें।
बिहार के कई इलाकों में लू चल रही है
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दक्षिण बिहार के कई इलाकों में लू चल रही है।गया में तापमान 42.7°C तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा है।गर्मी का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर और मध्य भारत में हालात जून जैसे हो चुके हैं। अप्रैल में ही रिकॉर्ड तोड़ तापमान लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।













