पटना में सफर होगा आसान: मई से शुरू होंगी 4 नई इलेक्ट्रिक लग्जरी बसें

पटना के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब शहर में सफर न सिर्फ तेज होगा, बल्कि आरामदायक और किफायती भी बनेगा। परिवहन विभाग ने मई महीने से नई इलेक्ट्रिक लग्जरी बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है, जो गांधी मैदान से अटल पथ और जेपी सेतु के रास्ते सोनपुर और हाजीपुर रेलवे स्टेशन तक चलेगी। इस नई सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अटल पथ के आसपास रहने वाली करीब 5 लाख आबादी को पहली.....

पटना में सफर होगा आसान: मई से शुरू होंगी 4 नई इलेक्ट्रिक लग्जरी बसें

पटना के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब शहर में सफर न सिर्फ तेज होगा, बल्कि आरामदायक और किफायती भी बनेगा। परिवहन विभाग ने मई महीने से नई इलेक्ट्रिक लग्जरी बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है, जो गांधी मैदान से अटल पथ और जेपी सेतु के रास्ते सोनपुर और हाजीपुर रेलवे स्टेशन तक चलेगी। इस नई सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अटल पथ के आसपास रहने वाली करीब 5 लाख आबादी को पहली बार सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। यह पहल केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत की जा रही है, जिसका सर्वे इसी महीने पूरा होने वाला है।

समय की होगी बड़ी बचत
बता दें कि अभी पटना जंक्शन (जीपीओ) से इनकम टैक्स और बोरिंग रोड होते हुए राजीवनगर या पाटलिपुत्र पहुंचने में करीब एक घंटा लग जाता है लेकिन नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने के बाद यही दूरी महज 10 मिनट में तय की जा सकेगी। संभावित रूप से इस रूट का नंबर ‘444 ए’ रखा जाएगा। बसें गांधी मैदान से चलकर अटल पथ के जरिए करीब 15 प्रमुख स्टॉप पर रुकते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।इस सेवा से शहर के 20 से अधिक इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनमें शामिल हैं,पटना जंक्शन,बुद्धमार्ग,कुर्जी,दीघा बाजार,पाटलिपुत्र कॉलोनी,केशरी नगर ,महेश नगर,नॉर्थ और ईस्ट पटेल नगर। अब इन क्षेत्रों के लोगों को निजी वाहन या महंगे ऑटो पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उत्तर बिहार जाने वालों के लिए गेम-चेंजर
फिलहाल गांधी सेतु के रास्ते 12 बसें संचालित हो रही हैं, लेकिन जेपी सेतु और अटल पथ से जुड़ा यह नया रूट उत्तर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा विकल्प बनकर उभरेगा। इससे ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार के अनुसार, ये सभी बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गर्मी में ठंडा और आरामदायक सफर मिलेगा।विभाग इस महीने सर्वे के जरिए स्टॉपेज और टाइम-टेबल को अंतिम रूप देगा। योजना है कि मई के पहले सप्ताह से यह नई सेवा पटनावासियों के लिए शुरू कर दी जाए।