पटना की सियासत में नया मोड़ : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए 'भारत रत्न' की मांग, बेटे निशांत को बताया 'बिहार का फ्यूचर लीडर'
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल को बेमिसाल बताते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की गई है। पोस्टर में साफ तौर पर लिखा है कि नीतीश सेवक मांग रहा है... अब भारत रत्न सम्मान। हालांकि इस पोस्टर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और पहली बार मिशन विकसित बिहार-2040 का खुलकर किया गया जिक्र है।
DESWA DESK : बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर रातों-रात लगे बड़े-बड़े पोस्टरों ने राज्य के सियासी गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है। इन पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल को बेमिसाल बताते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की गई है। पोस्टर में साफ तौर पर लिखा है कि नीतीश सेवक मांग रहा है... अब भारत रत्न सम्मान। हालांकि इस पोस्टर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और पहली बार मिशन विकसित बिहार-2040 का खुलकर किया गया जिक्र है।
इस पोस्टर की सबसे खास और राजनीतिक रूप से संवेदनशील बात पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर दिए गए संदेश हैं। पोस्टर के जरिए निशांत कुमार को बिहार के भविष्य के तौर पर पेश किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नारों के जरिए जेडीयू के पारंपरिक वोट बैंक और कार्यकर्ताओं को यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को अब उनके बेटे निशांत कुमार ही आगे बढ़ाएंगे।
पोस्टर में नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल की उपलब्धियों का जमकर गुणगान किया गया है। इसमें लिखा गया है- 20 साल बेमिसाल..जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल..। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने दो दशक के शासन में बिहार को एकता, न्याय और समावेशी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाकर इन क्षेत्रों में विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।
इसके माध्यम से जनता को यह याद दिलाने की कोशिश की गई है कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और विशेषकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व और उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। पोस्टर में सिर्फ अतीत की उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि भविष्य का खाका भी खींचा गया है। इसमें मिशन विकसित बिहार-2040 का प्रमुखता से उल्लेख है। पटना में लगे ये पोस्टर इस समय आम जनता से लेकर राजनीतिक दलों के बीच कौतूहल और चर्चा का मुख्य केंद्र बने हुए हैं।













