मोहीउद्दीननगर थाने के कमरे में फंदे से लटका मिला एएसआई का शव, ट्रांसफर के अगले ही दिन..? 

समस्तीपुर जिले के मोहीउद्दीननगर थाने में शनिवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब थाना परिसर के एक कमरे में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। अन्य दिनों की तरह जब थाने के पुलिसकर्मी सुबह स्नान करने के लिए ऊपरी मंजिल पर गए तो सीढ़ी के बगल वाले कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वहां एएसआई बबलू प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। 

मोहीउद्दीननगर थाने के कमरे में फंदे से लटका मिला एएसआई का शव, ट्रांसफर के अगले ही दिन..? 

DESWA DESK : समस्तीपुर जिले के मोहीउद्दीननगर थाने में शनिवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब थाना परिसर के एक कमरे में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। अन्य दिनों की तरह जब थाने के पुलिसकर्मी सुबह स्नान करने के लिए ऊपरी मंजिल पर गए तो सीढ़ी के बगल वाले कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वहां एएसआई बबलू प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। 

मृतक बबलू प्रसाद मूल रूप से बगहा जिले के रहने वाले थे और फिलहाल मोहीउद्दीननगर थाने में डायल -112 टीम में तैनात थे। शुक्रवार को ही उनका ट्रांसफर मोहीउद्दीननगर से कल्याणपुर थाने में किया गया था। उन्हें शनिवार को ही कल्याणपुर थाने में योगदान देना था, लेकिन नए थाने में ज्वाइन करने की सुबह ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया जिससे पुलिस महकमा स्तब्ध है।

मामले की जानकारी मिलते ही एसपी अवधेश दीक्षित भी थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं और बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। मृतक एएसआई के करीबियों और उनके साथ उठने-बैठने वाले साथियों से पूछताछ की जा रही है ताकि मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण का पता लगाया जा सके।

एसपी ने बताया कि बगहा में रह रहे एएसआई के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस कप्तान ने दुख जताते हुए कहा कि विभाग इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। नियमों के तहत परिजनों को हरसंभव सहायता और अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले के हर तकनीकी और व्यक्तिगत पहलू को खंगाल रही है ताकि आत्महत्या की असली वजह सामने आ सके।