खान सर की अग्रिम जमानत पर सुनवाई फिर टली, अब 30 जून को कोर्ट सुना सकता है फैसला, तब तक गिरफ्तारी पर रोक
फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर शनिवार को होने वाली सुनवाई एक बार फिर टल गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 जून को होगी। कोर्ट के इस फैसले के बाद खान सर को दो और दिनों की अंतरिम राहत मिल गई है, यानी मंगलवार तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक जारी रहेगी। खान सर के वकील अरविंद कुमार मउआर ने बताया कि फाइनल हियरिंग मंगलवार के दिन होगी।
DESWA DESK : फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर शनिवार को होने वाली सुनवाई एक बार फिर टल गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 जून को होगी। कोर्ट के इस फैसले के बाद खान सर को दो और दिनों की अंतरिम राहत मिल गई है, यानी मंगलवार तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक जारी रहेगी। खान सर के वकील अरविंद कुमार मउआर ने बताया कि फाइनल हियरिंग मंगलवार के दिन होगी।
इसके साथ ही, इस मामले में जेल में बंद खान सर के दो बॉडीगार्ड की नियमित जमानत याचिका पर भी कोर्ट ने 30 जून तक के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला जज ने पिछली सुनवाई में पुलिस से इस पूरे विवाद को लेकर अपडेटेड केस डायरी की मांग की थी। शनिवार को पुलिस की ओर से कोर्ट में केस डायरी पेश कर दी गई। कानूनी जानकारों का मानना है कि अब इस डायरी के अध्ययन के बाद मंगलवार को अदालत खान सर की अग्रिम जमानत पर अपना अंतिम फैसला सुना सकती है। तब तक के लिए कोर्ट ने खान सर के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई न करने का निर्देश दिया है।
यह पूरा मामला पटना के दो बड़े कोचिंग संचालकों के बीच आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है। पटना के मुसल्लाहपुर हाट स्थित खान सर के 'ग्लोबल खान इंस्टीट्यूट' के बाहर खान सर के दो बॉडीगार्ड ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना के बाद खान सर ने सीधे तौर पर 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के संचालक रोशन आनंद सर पर फायरिंग करवाने का आरोप लगाया था। इस मामले में रोशन आनंद को जेल भी जाना पड़ा था, हालांकि फिलहाल वह जेल से बाहर आ चुके हैं। इसी विवाद के बीच रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत भी हो चुकी है, जिसमें खान सर को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अलग-अलग एंगल से गहनता से मामलों की जांच कर रही है।
फायरिंग और मर्डर जैसी गंभीर घटनाओं के जुड़ जाने के बाद पटना का कोचिंग बाजार सहमा हुआ है। अब हर किसी की निगाहें मंगलवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी है कि कोर्ट खान सर को अग्रिम जमानत देता है या पुलिस को सख्त कार्रवाई की हरी झंडी मिलती है।













