सुरक्षा व्यवस्था तार-तार : सदर अस्पताल के कैदी वार्ड का वेंटिलेटर तोड़ कुख्यात बदमाश फरार, पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड

सीतामढ़ी जिले की लचर सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती रीगा सीएसपी लूटकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी फेकन कुमार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। 

सुरक्षा व्यवस्था तार-तार : सदर अस्पताल के कैदी वार्ड का वेंटिलेटर तोड़ कुख्यात बदमाश फरार, पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड

DESWA DESK : सीतामढ़ी जिले की लचर सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती रीगा सीएसपी लूटकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी फेकन कुमार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। 

हैरत की बात यह है कि उसकी सुरक्षा में 24 घंटे चार पुलिस जवान तैनात थे। इसके बावजूद शातिर अपराधी बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर अस्पताल के पिछले रास्ते से रफूचक्कर हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसपी ने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

तीन जुलाई को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद फेकन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। 23 जुलाई को उसने जेल में पैर में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद 24 जुलाई को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर स्थित कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। कैदी वार्ड का मुख्य गेट अमूमन बंद रहता है, लेकिन फेकन ने सुरक्षा में सेंध लगाते हुए बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर बाहर निकलने की जगह बनाई और मौका मिलते ही फरार हो गया। जब तक सुरक्षाकर्मियों को भनक लगती वह काफी दूर निकल चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आननफानन में अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन फरार कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। सुरक्षा में बेहद गंभीर चूक और लापरवाही मामले में एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। फेकन कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।