“गोली चलाओगे तो गोली खाओगे” बयान के बीच समस्तीपुर में एनकाउंटर

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच समस्तीपुर से मंगलवार देर रात एक बड़ी खबर सामने आई, जहां पुलिस और कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार के बीच...

“गोली चलाओगे तो गोली खाओगे” बयान के बीच समस्तीपुर में एनकाउंटर

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच समस्तीपुर से मंगलवार देर रात एक बड़ी खबर सामने आई, जहां पुलिस और कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कई संगीन मामलों में वांछित प्रिंस कुमार पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इलाके में दहशत का माहौल

पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। उस पर सीएसपी लूट, सड़क छिनतई और कई अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। हाल के दिनों में उजियारपुर, सरायरंजन और कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई वारदातों में भी उसकी भूमिका सामने आई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था।

बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में,

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध लोकेशन की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान खुद को घिरता देख प्रिंस ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घायल अपराधी को तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

48 घंटे में बिहार में चौथा एनकाउंटर

समस्तीपुर की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब पिछले 48 घंटों में बिहार में लगातार एनकाउंटर की घटनाएं हुई हैं। सीवान में सोना दुकान लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल किया था। वहीं पटना में शिक्षक से लूट और गोलीबारी मामले में दो अपराधियों को पकड़ने के दौरान भी पुलिस कार्रवाई हुई थी। इसके अलावा 27 लाख रुपये की लूट में शामिल एक बदमाश को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।

सरकार के सख्त रुख पर चर्चा तेज

बता दें कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बीच बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary का बयान फिर चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा था, “अगर बदमाश गोली चलाएंगे, तो गोली खाएंगे।”

हालांकि विपक्ष इन एनकाउंटर्स को लेकर सवाल उठा रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन का दावा है कि सभी कार्रवाई कानून के तहत की जा रही है। फिलहाल समस्तीपुर एनकाउंटर ने बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर नई बहस छेड़ दी है।