पेपर लीक पर एक्शन में केंद्र: पीएम मोदी का बड़ा एलान, दोषियों को सजा दिलाने के लिए गठित होंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में स्पष्ट किया कि युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम ने कहा कि पेपर लीक जैसे अपराध केवल कानून का उल्लंघन नहीं हैं, बल्कि लाखों मेहनती छात्रों के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला हैं। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जांच एजेंसियों और संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं।

पेपर लीक पर एक्शन में केंद्र: पीएम मोदी का बड़ा एलान, दोषियों को सजा दिलाने के लिए गठित होंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट

DESWA DESK :  देशभर में प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से उपजे भारी असंतोष और छात्रों की बढ़ती चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलान किया है कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएंगे। इन विशेष अदालतों के जरिए पेपर लीक के मामलों का तेजी से निस्तारण होगा और दोषियों को अविलंब कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में स्पष्ट किया कि युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम ने कहा कि पेपर लीक जैसे अपराध केवल कानून का उल्लंघन नहीं हैं, बल्कि लाखों मेहनती छात्रों के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला हैं। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जांच एजेंसियों और संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा 'हमारे युवाओं का कल्याण और उनका भविष्य सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। सरकार ने पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला लिया है। हमने फैसला लिया है कि पेपर लीक में शामिल लोगों को जल्दी और सख्त सजा मिले, इसके लिए फास्ट टै्रक कोर्ट बनाए जाएंगे। मैंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाने के लिए निर्देश दे दिए हैं।' 

दरअसल, हाल के वर्षों में नीट समेत कुछ राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय परीक्षाओं के निरस्त होने से लाखों अभ्यर्थियों का समय और मेहनत प्रभावित हुई है। लंबे समय से त्वरित न्याय की मांग उठ रही थी। अब इसपर केंद्र सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। पीएम ने भरोसा दिलाया कि ऐसे अराजक तत्व अब बच नहीं पाएंगे। कानून सबके लिए समान है और चाहे गिरोह के सरगना हों, परीक्षा संस्थानों से जुड़े लोग या सरकारी अधिकारी हों, अब वे किसी भी हाल में बच नहीं पाएंगे। 

मामलों को वर्षों तक अदालत में लटकाने के बजाय तय समयसीमा के भीतर फैसला सुनाया जाएगा। सरकार का मानना है कि त्वरित सजा से अपराधियों में खौफ पैदा होगा और छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर खोया विश्वास वापस लौटेगा। सरकार के इस एक्शन का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की साख बचाना और ईमानदार अभ्यर्थियों का मनोबल टूटने से रोकना है। 

साथ ही, मुकदमों का शीघ्र निस्तारण और पेपर माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर मिसाल कायम करना भी अब केंद्र सरकार का उद्देश्य है ताकि आगे से कोई ऐसी हिमाकत ना कर सके। इसके माध्यम से केंद्र सरकार ने साफ संदेश दिया है कि  शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं को हर हाल में पारदर्शी बनाया जाएगा और अब पेपर लीक करने वालों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।