नीतीश सरकार की बड़ी सौगात! बिहार के इन जिलों में शुरू होगी नई तीर्थ बस सेवा,यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बिहार में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली बड़ी पहल सामने आई है। अब राज्य के छोटे-बड़े मंदिरों और पवित्र स्थलों तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने वाला है। परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए 60 से अधिक प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक बस सेवा से जोड़ने की व्यापक योजना तैयार की है।अगर आप.....
बिहार में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली बड़ी पहल सामने आई है। अब राज्य के छोटे-बड़े मंदिरों और पवित्र स्थलों तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने वाला है। परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए 60 से अधिक प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक बस सेवा से जोड़ने की व्यापक योजना तैयार की है।अगर आप बाबा धाम, गया जी या सीतामढ़ी जैसे आस्था के केंद्रों की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। खास बात यह है कि इन रूटों पर चलने वाली बसें हाई-टेक सुविधाओं से लैस होंगी और इनका संचालन पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक और सीएनजी मोड में किया जाएगा।
पहले चरण में इन जिलों से शुरुआत
बता दें कि अब तक राज्य के कई सिद्ध और प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों तक सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। श्रद्धालुओं को निजी वाहनों या महंगे ऑटो-रिक्शा का सहारा लेना पड़ता था लेकिन अब सरकार ने इस समस्या को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाया है।पहले चरण में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत करीब एक दर्जन जिलों से इन बसों का संचालन शुरू होगा। वहीं प्राथमिकता सूची में पटना, गया, बांका, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा और भोजपुर जैसे जिले शामिल हैं। इन जिलों के प्रमुख मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ने के लिए विशेष रूट तैयार किए गए हैं।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
इन बसों में सफर करने पर कई सुविधाएं मिलेंगी जैसे-जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, ऑनलाइन टिकट बुकिंग,समयबद्ध और सुरक्षित सफर,स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त यात्रा। बता दें कि इलेक्ट्रिक बसें होने से न शोर होगा और न ही प्रदूषण, जिससे तीर्थ यात्रा का अनुभव और भी शांत और सुखद बनेगा।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बसों का संचालन पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर किया जाएगा। 15 मार्च के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल की शुरुआत तक इन रूटों पर ट्रायल रन शुरू हो सकता है।परिवहन विभाग ने पहले ही जिलों से उन रूटों की सूची मंगवाई थी जहां श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है लेकिन बस सेवा सीमित है। अब उन्हीं रूटों पर इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें दौड़ती नजर आएंगी।
दूसरे चरण की तैयारी
दूसरे चरण में राज्य के अन्य छोटे धार्मिक केंद्रों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। सरकार की यह पहल न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा देगी, बल्कि बिहार के धार्मिक पर्यटन मानचित्र को भी नई पहचान दे सकती है।कुल मिलाकर, यह योजना आस्था, सुविधा और पर्यावरण संरक्षण—तीनों को एक साथ जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।













