बिहार की राजनीति में बवाल: ठगी के केस में तेजस्वी यादव...कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा

दरभंगा: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना में माई बहिन मान योजना के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए महिला ने FIR दर्ज कराई है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा और कांग्रेस नेता मशकूर अहमद उस्मानी पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।....

बिहार की राजनीति में बवाल: ठगी के केस में तेजस्वी यादव...कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में ठगी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय महिला गुड़िया देवी ने माई बहिन मान योजना के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। इस केस में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा और कांग्रेस नेता मशकूर अहमद उस्मानी समेत कई नेताओं को नामजद किया गया है।

महिलाओं से आधार कार्ड और पैसे लेने का आरोप
गुड़िया देवी, जो वार्ड नंबर 7 की रहने वाली हैं, ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले आरजेडी और कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके घर आए। उन्होंने “माई बहिन मान योजना” के बारे में जानकारी दी और कहा कि आसपास की महिलाओं को बुलाइए। इसके बाद महिलाओं से आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और 200-200 रुपए लेकर फॉर्म भरवाए गए। आश्वासन दिया गया कि हर महीने खाते में 2,500 रुपए आएंगे।

पति ने बताया ठगी
गुड़िया देवी ने कहा कि उस समय उनके पति मिथिलेश भगत घर पर नहीं थे। लौटकर जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने बताया कि यह ठगी की साजिश है। उनके मुताबिक इस पूरे खेल के पीछे आरजेडी और कांग्रेस के बड़े नेताओं का हाथ है।महिला का आरोप है कि जनता को भ्रमित कर पैसे वसूले जा रहे हैं और नेताओं के सहयोग से यह फॉर्म भराए जा रहे हैं। इस मामले में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने पुष्टि की है कि महिला की शिकायत पर कांड संख्या 253/25 दर्ज की गई है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4)/3(5) के तहत दर्ज की गई है।पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।