बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी का भव्य स्वागत, कार और 50 लाख की सम्मान राशि से नवाजे गए

पटना के उभरते हुए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक और यादगार बन गया। अंडर‑19 क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश को खिताब दिलाने के बाद जब वैभव पटना पहुंचे, तो एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने उन्हें घेर लिया और हर कोई इस युवा खिलाड़ी की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आया।पटना पहुंचने के बाद टाटा मोटर्स की ओर से वैभव सूर्यवंशी को एक कार भेंट की गई। इस खास मौके पर उनके पिता....

बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी का भव्य स्वागत, कार और 50 लाख की सम्मान राशि से नवाजे गए

पटना के उभरते हुए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक और यादगार बन गया। अंडर‑19 क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश को खिताब दिलाने के बाद जब वैभव पटना पहुंचे, तो एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने उन्हें घेर लिया और हर कोई इस युवा खिलाड़ी की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आया।पटना पहुंचने के बाद टाटा मोटर्स की ओर से वैभव सूर्यवंशी को एक कार भेंट की गई। इस खास मौके पर उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। यह सम्मान न सिर्फ वैभव की उपलब्धि का प्रतीक बना, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण भी रहा।

मुख्यमंत्री ने 50 लाख का चेक देकर किया सम्मानित
शाम 4 बजे वैभव मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां नीतीश कुमार ने उन्हें 50 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने वैभव की मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन देती रहेगी।वैभव बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव के निवासी हैं। अपनी लगन और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में खास पहचान बनाई है।

उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना
मुख्यमंत्री ने उन्हें बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आप आगे बढ़ते रहिये, सरकार आपको हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। हम सब लोगों के लिए यह प्रसन्नता की बात है कि बिहार के बेटे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर अंतर्राष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है। आप बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं। हम आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।

फाइनल में 175 रन की ऐतिहासिक पारी
टीम इंडिया की जीत में वैभव सूर्यवंशी की भूमिका निर्णायक रही। हरारे क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने 175 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 411 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई और भारत ने 100 रन से जीत दर्ज की।इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने छठी बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए मील का पत्थर है, बल्कि बिहार के खेल इतिहास में भी स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।