रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा, 350 करोड़ रुपये की लागत से जमालपुर कारखाना का होगा कायाकल्प, कर्मचारियों और अधिकारियों से की बात
भारत सरकार के केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को देश और एशिया के पहले जमालपुर रेल कारखाने में पहुंचे। उन्होंने 78 करोड़ की लागत से बनने वाले वैगन मरम्मत कारखाने का शिलान्यास किया। इसके बनने से हर महीने 545 से 800 वैगन की मरम्मत की जा सकेगी।अश्विनी वैष्णव कारखाने के अंदर करीब डेढ़ घंटे तक रहे। यहां उन्होंने अलग-अलग..

भारत सरकार के केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को देश और एशिया के पहले जमालपुर रेल कारखाने में पहुंचे। उन्होंने 78 करोड़ की लागत से बनने वाले वैगन मरम्मत कारखाने का शिलान्यास किया। इसके बनने से हर महीने 545 से 800 वैगन की मरम्मत की जा सकेगी।अश्विनी वैष्णव कारखाने के अंदर करीब डेढ़ घंटे तक रहे। यहां उन्होंने अलग-अलग वर्कशॉप का निरीक्षण किया। कर्मचारियों और अधिकारियों से बात की।
इससे पहले 2008 में लालू यादव यहां आए थे
बता दें कि शुक्रवार सुबह रेल मंत्री पटना से ट्रेन में बैठकर जमालपुर पहुंचे थे। समर्थकों ने ढोल-नगाड़े बजाकर उनका स्वागत किया। करीब 5 मिनट स्टेशन पर रूकने के बाद वे जमालपुर स्टेशन से रेल कारखाना के लिए रवाना हो गए। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कई रेल कर्मचारियों से मिलकर बेहतर काम के लिए बधाई भी दी। गौरतलब हो कि 17 साल बाद कोई रेल मंत्री जमालपुर रेल कारखाने पहुंचा है। इससे पहले 2008 में लालू यादव यहां आए थे। रेल मंत्री के साथ विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी, ललन सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया...
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह कारखाना भारत का सबसे पुराना कारखाना रहा है। इसके विकास को लेकर जो भी कार्य हैं, उन्हें जल्दी धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने बताया कि जमालपुर रेल कारखाना के विकास के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। 350 करोड़ रुपये की लागत से जमालपुर कारखाना का विकास होगा।
हर संभव मदद का आश्वासन दिया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जमालपुर स्थित इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (IRIMEE) को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने जमालपुर लोकोमोटिव वर्कशॉप और IRIMEE के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये की कार्य योजना शुरू की। रेल मंत्री ने कहा कि 2026 के शैक्षणिक सत्र तक IRIMEE संस्थान में आम छात्रों का भी दाखिला होगा। उन्होंने कहा कि गति शक्ति विश्वविद्यालय के कुलपति जल्द ही इस संबंध में जमालपुर दौरा करेंगे।