तेजस्वी यादव का देसी अंदाज: मिट्टी के चूल्हे पर बनी रोटी और सादगी का अनुभव,कहा-चूल्हे की आंच में सिकी रोटी.. देहात में ही संभव ..शहर में नहीं
बिहार की राजनीति इन दिनों पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी हुई है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का एक देसी अंदाज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उन्होंने खुद अपने 'एक्स' अकाउंट पर साझा किया है और बताया जा रहा है कि इसे उनकी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान मधुबनी जिले में शूट किया.....

बिहार की राजनीति इन दिनों पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी हुई है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का एक देसी अंदाज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उन्होंने खुद अपने 'एक्स' अकाउंट पर साझा किया है और बताया जा रहा है कि इसे उनकी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान मधुबनी जिले में शूट किया गया।
चप्पल बाहर उतारकर रसोई में प्रवेश करते तेजस्वी
वीडियो की शुरुआत ही ग्रामीण माहौल से होती है। तेजस्वी यादव चप्पल बाहर उतारकर एक साधारण ग्रामीण रसोई में प्रवेश करते हैं। फर्श पर रखे बोरे पर बैठते हुए उनके सामने थाली पर मडुआ (रागी) की रोटी, चोखा, देसी साग, चटनी और प्याज परोसा जाता है। रसोई में मिट्टी के चूल्हे में गोबर के उपलों की आंच पर रोटी धीरे-धीरे सेंकी जा रही है।
यह सब देहात में ही संभव है, शहर में नहीं-तेजस्वी
तेजस्वी इस साधारण भोजन को बड़े स्वाद और लगाव के साथ खाते हैं। खाते-खाते वे कहते हैं, “चूल्हे की आंच में सिकी रोटी में मिट्टी की महक, मिठास, स्वाद और अपनेपन की गर्माहट होती है। यह सब देहात में ही संभव है, शहर में नहीं।” इस छोटे से पल में उनके जमीनी जुड़ाव और सरल जीवन की झलक साफ दिखाई देती है।
तेजस्वी यादव का देसी अंदाज,
सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने खूब चर्चा बटोरी है। समर्थक इसे तेजस्वी की सादगी और जनता के करीब रहने की भावना के उदाहरण के रूप में देख रहे हैं। वहीं, राजनीतिक विश्लेषक इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा मानकर देख रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि यह दृश्य बिहार की पुरानी परंपराओं, ग्रामीण जीवन और देसी संस्कृति की जीवंत झलक पेश करता है।वीडियो सिर्फ भोजन का अनुभव नहीं, बल्कि राजनीति में जमीन से जुड़ाव और आम आदमी की दुनिया को समझने का संदेश भी देता है। तेजस्वी यादव का यह देसी अंदाज, उनके चुनावी अभियान में सरलता और लोकभावना को जोड़ने का एक अलग ही पहलू साबित हो रहा है।