लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की दिल्ली कोर्ट में हाजिरी, आरोपों का किया खंडन
देश के चर्चित"लैंड फॉर जॉब" घोटाले मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी...
देश के चर्चित"लैंड फॉर जॉब" घोटाले मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने सोमवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में हाजिरी दी। चार्ज फ्रेमिंग के बाद दोनों नेताओं को अपनी दलील कोर्ट में पेश करनी थी।कोर्ट ने मामले के सभी अभियुक्तों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी थी। इसके तहत पहले ही उनके बेटे तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, और बेटी मीसा भारती ने हाजिरी दर्ज कराई थी।
कोर्ट में उपस्थिति और आरोपों का खंडन
लालू प्रसाद यादव को व्हीलचेयर पर लाकर अदालत में पेश किया गया, जबकि राबड़ी देवी स्वयं चलकर आईं। दोनों नेताओं के पहुंचते ही अदालत परिसर में गहमागहमी का माहौल बन गया। राजद के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी अदालत के बाहर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कोर्ट में पूछताछ के दौरान दोनों ने आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया और साफ कर दिया कि उन्हें यह आरोप स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में वे ट्रायल फेस करेंगे और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। लगभग 20 मिनट की कार्यवाही के बाद दोनों ने दस्तखत कर मामले से बाहर आए।
मीसा भारती का बयान
वहीं मीसा भारती ने पत्रकारों से कहा कि मामला न्यायालय में है और उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस एक मामले में कई अलग-अलग केस बनाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि लालू जी स्वास्थ्य रूप से कमजोर हैं, फिर भी कोर्ट का सम्मान करते हुए हाजिरी दी।













