Patna NEET student death case:फॉरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा, धमकी भरे पर्चों की लिखावट परिवार के सदस्य से मिली
बिहार को झकझोर देने वाली NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध रेप-मौत ने पूरे प्रदेश को सदमें में डाल दिया है। इस सनसनीखेज मामले की गहराई तक पहुंचने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मोर्चा संभाल लिया है।जांच की शुरुआती पड़ताल में CBI की टीम ने SIT, स्थानीय थाने के SI और पीड़ित परिवार से गहन पूछताछ की। कई अहम सुराग एक के बाद एक सामने आने लगे हैं।पटना ...
बिहार को झकझोर देने वाली NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध रेप-मौत ने पूरे प्रदेश को सदमें में डाल दिया है। इस सनसनीखेज मामले की गहराई तक पहुंचने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मोर्चा संभाल लिया है।जांच की शुरुआती पड़ताल में CBI की टीम ने SIT, स्थानीय थाने के SI और पीड़ित परिवार से गहन पूछताछ की। कई अहम सुराग एक के बाद एक सामने आने लगे हैं।पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की रहस्यमयी मौत ने अब ऐसा अप्रत्याशित मोड़ ले लिया है, जिसने पूरे मामले की बुनियाद को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआत में शक की सुई बाहरी लोगों पर थी, लेकिन ताजा फॉरेंसिक रिपोर्ट ने जांच की दिशा ही बदल दी है।
अंदरूनी साजिश का शक
सूत्रों के मुताबिक, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। जहानाबाद स्थित मृतका के घर पर मिले धमकी भरे पर्चों की लिखावट परिवार के ही एक सदस्य से मेल खाती पाई गई है। इन पर्चों में धमकी भरे शब्द लिखे थे—“ना मानोगे बेटी गई, बेटा भी मरेगा 2 दिन में” और “ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे।” इन पर्चों के सामने आने के बाद परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाए थे और सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस सुरक्षा भी मुहैया कराई गई, लेकिन इसके बावजूद घर के अंदर बार-बार धमकी भरे पर्चे मिलना जांच एजेंसियों को खटकने लगा। यहीं से शक ने नया रूप लिया।
सभी सदस्यों के हैंडराइटिंग सैंपल और हस्ताक्षर एकत्र किए
जांच टीम ने परिवार के सभी सदस्यों के हैंडराइटिंग सैंपल और हस्ताक्षर एकत्र किए। FSL द्वारा की गई तुलना में एक सदस्य की लिखावट धमकी भरे पत्रों से काफी हद तक मिलती पाई गई। अब पुलिस उस संदिग्ध सदस्य से गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है। सूत्रों का दावा है कि जांच एजेंसियों को शक है—क्या एसआईटी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच को भटकाने के लिए यह पूरी कहानी रची गई थी?गौरतलब है कि पिछले महीने पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा अचेत अवस्था में मिली थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 31 जनवरी को राज्य सरकार ने जांच CBI को सौंप दी थी। बता दें कि जांच फिलहाल निर्णायक चरण में है। शक की परछाईं अब घर की दहलीज तक पहुंच चुकी है, और पूरा प्रदेश इस रहस्य से पर्दा उठने का इंतजार कर रहा है।













