NEET छात्रा मौत केस: CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई,गया में भी सीबीआई की छानबीन, मामा-नानी से पूछताछ

पटना के एक निजी हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। मामले की जांच कर रही CBI ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और सच्चाई तक पहुंचने के लिए लगातार परिवार और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।गुरुवार को CBI की टीम तीसरी बार जहानाबाद पहुंची, जहां मखदुमपुर थाना क्षेत्र स्थित मृतका के पैतृक गांव में परिजनों से करीब तीन घंटे तक.....

NEET छात्रा मौत केस: CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई,गया में भी सीबीआई की छानबीन, मामा-नानी से पूछताछ

पटना के एक निजी हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। मामले की जांच कर रही CBI ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और सच्चाई तक पहुंचने के लिए लगातार परिवार और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।गुरुवार को CBI की टीम तीसरी बार जहानाबाद पहुंची, जहां मखदुमपुर थाना क्षेत्र स्थित मृतका के पैतृक गांव में परिजनों से करीब तीन घंटे तक गहन पूछताछ की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से छात्रा की तबीयत बिगड़ने के समय की परिस्थितियों, इलाज के दौरान की स्थिति और हॉस्टल संचालिका से हुई बातचीत के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई।

 सभी सदस्यों से सामूहिक रूप से पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि हॉस्टल में रहने के दौरान छात्रा किन हालात से गुजर रही थी और उस दौरान हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका क्या रही।जहानाबाद में पूछताछ के बाद टीम गया स्थित छात्रा के ननिहाल भी पहुंची, जहां मामा और अन्य रिश्तेदारों से बयान दर्ज किए गए। बताया जा रहा है कि छात्रा के चार मामा हैं — जिनमें से दो बाहर नौकरी करते हैं और उनके परिवार गया शहर में रहते हैं, जबकि दो मामा और नाना-नानी गांव में ही रहते हैं। CBI ने मामले की हर कड़ी जोड़ने के लिए परिवार के सभी सदस्यों से सामूहिक रूप से पूछताछ की।

 इलाज के दौरान उसकी मौत
गौरतलब हो कि यह संवेदनशील मामला पिछले महीने का है, जब पटना के ‘शंभू गर्ल्स हॉस्टल’ में रह रही छात्रा बेसुध हालत में मिली थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजनों ने शुरुआत से ही हॉस्टल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और हत्या तथा दुष्कर्म की आशंका जताई है। मामले ने तूल पकड़ते हुए पूरे बिहार में आक्रोश पैदा कर दिया था। इसी के बाद बिहार सरकार ने 31 जनवरी को इस केस की जांच CBI को सौंपने की सिफारिश की थी।अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि CBI की जांच में इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई क्या सामने आती है।