बिहार विधानसभा चुनाव 2025: जन सुराज पार्टी करेगी पहली उम्मीदवार सूची का ऐलान, शामिल हो सकते हैं ये प्रभावशाली चेहरे
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी पार्टियों में सशक्त और जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश शुरू हो गई है। इस बीच, पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) की नई पार्टी जन सुराज अपनी पहली उम्मीदवार सूची सार्वजनिक करने की तैयारी में है।सूत्रों की मानें तो जन सुराज की पहली सूची में लगभग 100 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं। हालांकि, यह अभी साफ...

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी पार्टियों में सशक्त और जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश शुरू हो गई है। इस बीच, पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) की नई पार्टी जन सुराज अपनी पहली उम्मीदवार सूची सार्वजनिक करने की तैयारी में है।सूत्रों की मानें तो जन सुराज की पहली सूची में लगभग 100 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि प्रशांत किशोर खुद चुनाव मैदान में उतरेंगे या नहीं।पीके पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अगर वह चुनाव लड़ेंगे, तो अपनी जन्मभूमि या कर्मभूमि से ही चुनाव लड़ना पसंद करेंगे। उन्होंने एक बार तेजस्वी यादव को चुनौती देने के लिए राघोपुर सीट से चुनाव लड़ने की बात भी कही थी।
संभावित रणनीति और सीटें
हालांकि, सियासी विश्लेषकों का मानना है कि पीके करगहर (ब्राह्मण बहुल सीट) से चुनाव लड़ सकते हैं, जहां दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। बता दें कि जन सुराज की पहली सूची में सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व अधिकारी, शिक्षक और स्थानीय प्रभावशाली नेता शामिल किए जा सकते हैं।उदाहरण के तौर पर, पूर्व विधान पार्षद रामबली चंद्रवंशी कुर्था से और प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा को कुम्हरार से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। यह कदम प्रशांत किशोर के 'जन सुराज' अभियान के जमीनी प्रभाव को दर्शा सकता है।दरअसल पहली उम्मीदवार सूची से यह स्पष्ट होगा कि पीके की पार्टी बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में किस तरह अपनी पकड़ बनाने जा रही है। यह सूची न केवल पार्टी की रणनीति बल्कि बिहार की आगामी राजनीति की दिशा भी तय कर सकती है।