बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026: 17 फरवरी से शुरू, 15 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल, जाने तारीख, शिफ्ट और जरूरी नियम
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की 10वीं वार्षिक परीक्षा मंगलवार, 17 फरवरी 2026 से पूरे राज्य में शुरू हो रही है। इस बार 15 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा...
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की 10वीं वार्षिक परीक्षा मंगलवार, 17 फरवरी 2026 से पूरे राज्य में शुरू हो रही है। इस बार 15 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर बोर्ड ने कड़े निर्देश जारी किए हैं, और छात्रों से अपील की गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुँचें, क्योंकि केवल एक मिनट की देरी भी प्रवेश में बाधा बन सकती है।
परीक्षा शिफ्ट और समय
राज्य के 1,699 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट: 9:30 बजे से 12:45 बजे तक, छात्रों को सुबह 9:00 बजे तक केंद्र में पहुंच जाना अनिवार्य है। वहीं दूसरी शिफ्ट: 2:00 बजे से 5:15 बजे तक,छात्रों को 1:30 बजे तक प्रवेश करना होगा। बता दें कि परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा।
71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र
इस साल कुल 15,12,687 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें 7,85,726 छात्राएं और 7,26,961 छात्र हैं। वहीं, पटना जिले में 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राज्यभर में 152 मॉडल परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं, जिनमें हर जिले में 4 मॉडल केंद्र केवल छात्राओं के लिए हैं। इन केंद्रों पर सभी कर्मचारी और अधिकारी भी महिलाएं होंगी।
परीक्षा में शामिल होने के नियम
बोर्ड ने साफ कहा है कि छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और जाम या अन्य समस्या से बचें।यदि कोई छात्र देर से पहुंचकर गेट फांदने या जबरदस्ती अंदर जाने का प्रयास करेगा, तो उसे 2 साल के लिए परीक्षा से बाहर किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई होगी।केंद्र अधिकारी अगर ऐसी मदद करेंगे, तो उनके खिलाफ निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनुमति और निषिद्ध सामग्री
वहीं इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच या मैग्नेटिक वॉच पहनना मना है।केवल वैध एडमिट कार्ड, पेन-पेंसिल और आवश्यक इंस्ट्रूमेंट बॉक्स ले जाने की अनुमति है।छात्रों की दो बार तलाशी ली जाएगी, ताकि कोई भी अनधिकृत कागज या गैजेट अंदर न ले जा सके। वहीं अगर किसी छात्र का एडमिट कार्ड खो गया है या घर पर रह गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं। परीक्षा केंद्र पर फोटो और रोल नंबर से पहचान कर परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।













