पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ना अब पड़ेगा भारी, 3 साल तक छिन सकता है वाहन चलाने का अधिकार

राजधानी पटना में अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना महंगा साबित हो सकता है। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया है—अब चेतावनी नहीं, सीधी कार्रवाई होगी। बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का न सिर्फ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा, बल्कि गंभीर मामलों में लाइसेंस रद्द कर तीन वर्षों.....

पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ना अब पड़ेगा भारी, 3 साल तक छिन सकता है वाहन चलाने का अधिकार

राजधानी पटना में अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना महंगा साबित हो सकता है। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया है—अब चेतावनी नहीं, सीधी कार्रवाई होगी। बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का न सिर्फ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा, बल्कि गंभीर मामलों में लाइसेंस रद्द कर तीन वर्षों तक वाहन चलाने से भी वंचित किया जाएगा।

1359 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए
सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ोतरी और यातायात की अव्यवस्था को देखते हुए यह कड़ा फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि नियमों की अनदेखी अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच पटना जिले में कुल 1359 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 46 लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिए गए हैं। जिन चालकों का लाइसेंस रद्द किया गया है, वे तीन साल बाद ही नया लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

लहरियाकट बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई 
सबसे ज्यादा कार्रवाई लहरियाकट बाइक चलाने वालों के खिलाफ की गई है। इसके अलावा तेज रफ्तार ,बार-बार ट्रैफिक सिग्नल तोड़ना,गलत दिशा में वाहन चलाना बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के ड्राइविंग जैसे गंभीर उल्लंघनों पर बड़ी संख्या में चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। निलंबित लाइसेंस तय अवधि और आवश्यक शर्तें पूरी होने के बाद ही बहाल किए जाएंगे।प्रशासन का कहना है कि पहले जुर्माना और चेतावनी के बावजूद जो चालक नहीं सुधरे, उन्हीं के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया गया है। खासकर युवाओं द्वारा सड़क पर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही थी।

 ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें,
परिवहन विभाग और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और सुरक्षित गति से वाहन चलाएं।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि एक छोटी सी लापरवाही भी लंबे समय तक वाहन चलाने के अधिकार से वंचित कर सकती है।