घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से बेहाल बिहार, 10 जनवरी तक राहत नहीं

बिहार इस वक्त भीषण ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में है। रविवार को मौसम का मिजाज और ज्यादा तल्ख हो गया। ठंडी पछुआ हवाओं और घने कुहासे ने पूरे राज्य में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी 38 जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।राजधानी पटना की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। यहां न्यूनतम और अधिकतम...............

घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से बेहाल बिहार, 10 जनवरी तक राहत नहीं

बिहार इस वक्त भीषण ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में है। रविवार को मौसम का मिजाज और ज्यादा तल्ख हो गया। ठंडी पछुआ हवाओं और घने कुहासे ने पूरे राज्य में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी 38 जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।राजधानी पटना की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। यहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच महज 3.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया, जिससे पटना राज्य का सबसे ठंडा जिला बन गया।

तापमान में भारी गिरावट
शनिवार को पटना में दिनभर धूप नहीं निकली और तेज ठंडी हवाएं चलती रहीं। इसका असर यह रहा कि शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 19.6°C था, वहीं शनिवार को यह गिरकर 14.4°C तक पहुंच गया।हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ 10.8°C रिकॉर्ड किया गया, लेकिन ठंडी हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया।राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डेहरी और बांका में 20.6°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर में 6.4°C रिकॉर्ड किया गया।

50 मीटर तक सिमटी विजिबिलिटी
शनिवार को पटना समेत दक्षिण-पश्चिम और उत्तरी बिहार के इलाकों में सुबह 9 बजे तक घना कुहासा छाया रहा। फारबिसगंज में तो हालात इतने खराब रहे कि विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई।घने कोहरे और तेज पछुआ हवा के कारण पटना समेत 25 जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

क्यों बढ़ रही है ठंड?
मौसम विभाग के अनुसार, ऊपरी हिमालय क्षेत्र में हो रही भारी बर्फबारी और राजस्थान की ओर से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं का सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। इन्हीं कारणों से राज्य के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि 10 जनवरी तक कड़ाके की ठंड जारी रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में शीतलहर चलने से ठिठुरन और बढ़ सकती है।

स्कूल बंद
राजधानी पटना में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है और दिनभर ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो पा रही। लोग खुद को ठंड से बचाने के लिए अलाव, हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।मौसम विभाग ने चेताया है कि पटना समेत पूरे बिहार में अगले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं।ठंड को देखते हुए पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई 8 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं।