Dhanteras 2025:धनतेरस पर खरीदें लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, डिजिटल वस्तुएं और बताशा, जानें खरीदारी के शुभ मुहूर्त

धनतेरस का पर्व दीपावली से ठीक पहले आने वाला एक अत्यंत शुभ और मंगलकारी दिन होता है। यह दिन समृद्धि, स्वास्थ्य और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, इस दिन की गई खरीदारी न केवल शुभ होती है, बल्कि इससे घर में मां लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहती है। धनतेरस का पर्व वर्ष 2025 में शनिवार, 18 अक्तूबर...

Dhanteras 2025:धनतेरस पर खरीदें लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, डिजिटल वस्तुएं और बताशा, जानें खरीदारी के शुभ मुहूर्त

धनतेरस का पर्व दीपावली से ठीक पहले आने वाला एक अत्यंत शुभ और मंगलकारी दिन होता है। यह दिन समृद्धि, स्वास्थ्य और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, इस दिन की गई खरीदारी न केवल शुभ होती है, बल्कि इससे घर में मां लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहती है। धनतेरस का पर्व वर्ष 2025 में शनिवार, 18 अक्तूबर को मनाया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर को दोपहर 12:18 बजे प्रारंभ होकर 19 अक्तूबर को दोपहर 1:51 बजे तक रहेगी। चूंकि त्रयोदशी तिथि का आरंभ 18 तारीख को हो रहा है, इसलिए इसी दिन धनतेरस मनाई जाएगी। यह पर्व दीपावली की शुरुआत का प्रतीक है और इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर महाराज की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

सोना या चांदी खरीदना बहुत ही शुभ 
बता दें कि धनतेरस पर सोना या चांदी खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे घर में स्थायी समृद्धि और आर्थिक स्थिरता आती है। खासतौर पर सोने-चांदी के सिक्के या लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदना अत्यंत फलदायक होता है। सोना चांदी के साथ साथ इस दिन तांबा, चांदी या स्टील के नए बर्तन खरीदना शुभ होता है। इस दिन झाडू भी खरीदना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार धनतेरस पर झाड़ू खरीदने से दरिद्रता दूर होती है। यह नकारात्मकता को हटाकर सकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करता है।

बताशा खरीदना चाहिए
धनतेरस को भगवान धन्वंतरि की जयंती भी माना जाता है। उनकी मूर्ति या चित्र खरीदकर पूजन करने से घर में आरोग्यता बनी रहती है।धनतेरस पर धनिया, हल्दी भी खरीदना भी शुभ माना जाता है। इतना ही नहीं धनतेरस के शुभ अवसर पर घर में बताशा जरूर खरीदकर लाना चाहिए और इसे माता लक्ष्मी को भोग के रूप में चढ़ाना चाहिए। मान्यता है कि बताशा मां लक्ष्मी का प्रिय भोग है और इसे शुभ कार्यों में भी प्रयोग किया जाता है।बता दें कि सही मुहूर्त में खरीदी गई डिजिटल वस्तुएं जैसे  मोबाइल, लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम व्यवसाय या शिक्षा में लाभकारी होती हैं।

मां लक्ष्मी की पोटली बनानी चाहिए
बता दें कि  धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी की पोटली बनानी चाहिए। ऐसा करने से सुख समृद्धि बनी रहती है। साथ ही आर्थिक स्थिति में भी सुधार होता है। वहीं, घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। धनतेरस के दिन घर के हर एक कमरे में दीपक जलाना चाहिए। साथ ही घर के मुख्य द्वार पर भी दीपक जलाएं। ऐसा करने से घर में सुख समृद्धि का वास होता है।वहीं धनतेरस पर स्टील के बर्तन, सरसों के तेल ,उस दिन लोहे से जुड़े बर्तन, या घर की सजावट से जुड़े सामान जो लोहे से बने हों उनकी खरीदारी नहीं करनी चाहिए। शीशे का सामान या क्रोकरी,एल्यूमीनियम से बने बर्तन नहीं खरीदना चाहिए।

खरीदारी के प्रमुख मुहूर्त
प्रथम मुहूर्त: सुबह 8:50 बजे से 10:33 बजे तक
द्वितीय मुहूर्त: सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक
तृतीय मुहूर्त: शाम 7:16 बजे से रात 8:20 बजे तक
इन समयों में कोई भी शुभ वस्तु खरीदना विशेष फलदायी माना गया है।