बिहार में फिर एक्टिव हुआ मानसून!, पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट, पटना समेत 5 जिलों में बारिश
बिहार में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को तीसरे दिन भी पटना के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 1 और 2 अक्टूबर को भी बारिश हुई थी।मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे राज्य के 38 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, पटना, नालंदा, वैशाली....

बिहार में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को तीसरे दिन भी पटना के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 1 और 2 अक्टूबर को भी बारिश हुई थी।मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे राज्य के 38 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, पटना, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, शिवहर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, बांका, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और गया जैसे जिले शामिल हैं।
सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है
पटना, बक्सर, सीवान और भागलपुर में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। बुधवार और गुरुवार को भी आरा, वैशाली, किशनगंज, सुपौल, बांका, जहानाबाद, नालंदा, बेतिया, समस्तीपुर और सहरसा समेत कई जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
रावण दहन की तैयारियों पर भी हुआ असर
लगातार बारिश का असर दुर्गा पूजा पंडालों और रावण दहन की तैयारियों पर भी पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में गहरा दबाव सक्रिय है, जो धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल यह ओडिशा के गोपालपुर तट से लगभग 160 किलोमीटर दूर है। अनुमान है कि देर रात तक यह सिस्टम ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच तट से टकरा सकता है।
तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट
इसके प्रभाव से दक्षिण से नमी भरी हवाएं बिहार की ओर पहुंच रही हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवात भी सक्रिय है, जो इस सिस्टम को अतिरिक्त ऊर्जा दे रहा है। दोनों मौसमीय प्रणालियों के कारण बिहार के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।विशेषज्ञों का अनुमान है कि कुछ जिलों में 80 से 100 मिमी तक बारिश हो सकती है। वहीं राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी दर्ज की जाएगी।